छह जून को पानी की छबील लगाने के दौरान आपत्तिजनक पोस्टर लगाने के कारण हुआ था विवाद
समुदाय के लोगों ने आपसी भाईचारा कायम रखने व घटना दोबारा घटित नहीं होने देने का दिया आश्वासन
संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। गांव कतलाहेडी के चौक पर छह जून को पानी की छबील लगाने के दौरान आपत्तिजनक पोस्टर लगाने के कारण गांव बांसा, कतलाहेडी व आसपास के गांव के दो विभिन्न समुदायों के बीच विवाद हो गया था। दोनों समुदायों के बीच मतभेद बढ़ता देख पुलिस अधीक्षक करनाल शशांक कुमार सावन ने आपसी मतभेद मिटाने व भाईचारा कायम रखने के लिए पहल की। उन्होंने बुधवार को दोनों पक्षों से वार्तालाप कर मनमुटाव दूर करने के लिए लघु सचिवालय में दोनों समुदाय के लोगों की बैठक बुलाई ।
पुलिस अधीक्षक ने उन्हें बताया कि जब भी कोई इस प्रकार का मामला संज्ञान में आता है तो आपस में लड़कर भाईचारा खराब करने की बजाय पुलिस प्रशासन का सहयोग ले । पुलिस अधीक्षक ने समुदायों के लोगों से अपील की कि वे युवा पीढ़ी को समझाए और शांति बनाए रखें। साथ ही दोनों समुदाय के गणमान्य व्यक्तियों ने युवा पीढ़ी को समझाने, आपस में प्यार व सद्भावना से रहने, भाईचारा कायम करने, मिलजुलकर समस्याओं का समाधान निकालें। पुलिस अधीक्षक ने दोनों पक्षों को आश्वासन दिया कि आपसी भाईचारा खराब करने के लिए सोशल मीडिया का सहारा लेने वाले व दुष्प्रचार करने वाले लोगों की सूची तैयार की जाएगी और ऐसे आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्यवाही अमल में लाई जाएगी। बैठक में एसपी शशांक कुमार सावन, एएसपी वैशाली शर्मा, डीएसपी सुरेश कुमार सहित एक समुदाय से हरजिन्द्र सिंह पूर्व सरपंच गांव बांसा, जितेन्द्र सिंह सरपंच गांव गोबिन्दगढ़, ऋषिपाल सिंह लाडा सरपंच गांव प्यौंत, गुलाब सिंह चैयरमेन मार्केट कमेटी असंध, मुख्त्यार सिंह बांसा, अमन सिंह पूर्व सरपंच गांव बांसा, टहल सिंह, जोगा सिंह व महल सिंह सरपंच गांव डाचर और दूसरे समुदाय से सुनील कुमार सरपंच गांव कतलाहेडी, डाक्टर बृजमोहन शर्मा कतलाहेडी, महिपाल राणा कतलाहेडी, सुरेश राणा कतलाहेडी, वेदपाल राणा कतलाहेडी, कृष्णलाल पूर्व सरंपच गांव कतलाहेडी, सुरेंद्र वाइस चेयरमैन ब्लॉक समिति, ईश्म सिंह समाजसेवी मौजूद रहे।