गांव सिरसी निवासी कंबाइन चालक के सोनीपत में कोरोना पाजिटिव पाये जाने के बाद गांव में स्वास्थ्य विभाग की ओर से परिवार के 9 लोगों के सैंपल भेजे गए थे। इन सभी की रिपोर्ट नेगेटिव आई है। वहीं विभाग द्वारा कराई गई स्क्रीनिंग में गांव के पांच अन्य लोगों को बुखार मिला है, उन्हें कल्पना चावला मेडिकल कालेज में दाखिल कराया गया है। इनके भी सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं। इसके अलावा, 53 अन्य लोगों के सैंपल भेजे गए हैं, इनकी रिपोर्ट आना बाकी है।
नगर निगम करनाल के वार्ड छह में स्थित गांव सिरसी के व्यक्ति का सोनीपत में कोरोना वायरस का एक केस पॉजीटिव पाए जाने पर उसे कंटेनमेंट जोन (नियंत्रण क्षेत्र) और इसके साथ लगते गांव दाहा और खरकाली को बफर जोन (मध्यवर्ती क्षेत्र) घोषित किया गया है। जिलाधीश के आदेशानुसार हालात से निपटने के लिए एक एक्शन प्लान तैयार किया गया है। इसके तहत इन क्षेत्रों के सभी संदिग्ध व्यक्तियों की जांच, टेस्ट करने के साथ-साथ उन्हें क्वारंटीन, आइसोलेशन और सामाजिक दूरी में रखा जाएगा। इसके लिए विभिन्न विभागों के अधिकारियों को अलग-अलग प्रबंधों की जिम्मेदारी दी गई है। डीसी निशांत यादव ने बताया कि सिरसी के युवक के परिवार में नौ सदस्यों के सैंपल की रिपोर्ट नेगेटिव आयी है। गांव के पांच अन्य संदिग्धों को मेडिकल कालेज में दाखिल कराया गया है।
पक्के नाके बनाना शुरू, दो बसें लगाई
लोक निर्माण विभाग (बीएंडआर) डिवीजन-1 के कार्यकारी अभियंता को कहा गया है कि वे कंटेनमेंट और बफर जोन में पुलिस अधीक्षक से परामर्श करके बैरीकेडिंग लगवाएंगे। हरियाणा रोडवेज के महाप्रबंधक दो बसों की व्यवस्था करेंगे, जो अस्पताल से जोन तक डोर टू डोर स्क्रीनिंग/थर्मल स्कैनिंग करने वाली स्वास्थ्य टीमों को लाने-ले जाने का काम करेगी। वहीं, मार्केटिंग बोर्ड के जोनल प्रशासक, एमडी शुगर मिल के साथ समन्वय करके उपरोक्त कंटेनमेंट और बफर जोन में लोगों की राशन, दूध, करियाना, दवाइयां व सब्जी जैसी आवश्यक जरूरतें पूरी करवाएंगे और रोजमर्रा के इस काम के लिए पर्याप्त स्टाफ लगाएंगे।