करनाल। कर्ण स्टेडियम में लंबे समय से लंबित पड़े जीर्णोद्धार के कार्य ने अब रफ्तार पकड़ ली है। स्मार्ट सिटी से संबंधित निर्माण एजेंसी स्टेडियम को नया और आधुनिक रूप देने में जुटी है। स्टेडियम के बुनियादी ढांचे में सुधार के लिए शुरू किए गए विभिन्न विकास कार्यों में से प्रमुख मुख्य स्टेज का आधा काम पूरा हो चुका है, जबकि खिलाड़ियों के लिए बन रहे बहुउद्देशीय हॉल का निर्माण कार्य भी अंतिम चरण में है।
स्टेडियम के जीर्णोद्धार से न केवल शहर के एथलीटों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, बल्कि यहां राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के आयोजन में भी सुगमता होगी। लंबे समय से खिलाड़ी और खेल प्रेमी स्टेडियम की खस्ताहाल स्थिति और अधूरी सुविधाओं को लेकर चिंता व्यक्त कर रहे थे। स्टेडियम में 16 सितंबर को राज्य स्तरीय स्कूली प्रतियोगिता भी होगी। स्टेज के आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के साथ-साथ अब टाइल लगाने का कार्य भी किए जा रहे हैं। सुरक्षा के दृष्टिकोण से स्टेज के चारों ओर आधुनिक रेलिंग और प्रवेश-निकास द्वार बनाए जा रहे हैं।
खिलाड़ी बारिश में भी कर सकेंगे अभ्यास
बहुउद्देशीय हॉल का अधिकांश सिविल वर्क पूरा हो चुका है और अब केवल फ्लोरिंग, लाइटिंग और वेंटिलेशन से संबंधित काम बाकी है। इस हॉल के शुरू होने से बैडमिंटन, टेबल टेनिस, कुश्ती और जिम्नास्टिक जैसे इंडोर खेलों के खिलाड़ियों को मौसम की मार से राहत मिलेगी। बारिश या अत्यधिक गर्मी के दौरान भी खिलाड़ी अभ्यास जारी रख सकेंगे।
निर्माण कार्य में गुणवत्ता का पूरा ध्यान रखा जा रहा है और दैनिक आधार पर प्रगति की समीक्षा की जा रही है। उम्मीद है जल्द से जल्द निर्माण कार्य पूरा हो जाएगा। इससे खिलाड़ियों को अभ्यास करने के लिए खुले आसमान ने नीचे नहीं जाना पड़ेगा।- सत्यवीर सिंह ,जिला खेल अधिकारी
निर्माण एजेंसी को तय समय सीमा के भीतर काम पूरा करने के कड़े निर्देश दिए हैं, ताकि खिलाड़ियों को ज्यादा इंतजार न करना पड़े। गुणवत्ता मानक का सख्ती से पालन करने के भी निर्देश दिए गए हैं। अनुमान है कि आने वाले दो से तीन माह में बहुउद्देशीय हॉल, हाॅस्टल और मुख्य स्टेज का कार्य पूरा कर दिया जाएगा। - रामफल, महाप्रबंधक स्मार्ट सिटी
टाइल को काटता मजदूर संवाद