- आठ वार्डों की 40 कॉलोनियों में बनेंगे नाले, सीवरेज व बरसाती पानी निकासी के अलग पाइप भी डलेंगे
- बरसात में उखड़ी सड़कों की भी होगी मरम्मत
गगन तलवार
करनाल। शहर में जलभराव और पानी निकासी की व्यवस्था दुरुस्त होने के साथ-साथ इस समस्या का स्थायी समाधान होगा। इसके लिए जिला प्रशासन ने योजना बना ली है। नालों की चौड़ाई बढ़ाई जाएगी। साथ ही सीवरेज व बरसाती पानी निकासी के लिए अलग से पाइपलाइन भी बिछाई जाएगी। नए साल तक यह कार्य करने का लक्ष्य रखा गया है।
योजना के अनुसार, शहर के आठ वार्डों की 40 कॉलोनियों में नालों का नवनिर्माण होगा। इनकी पहले से चौड़ाई और गहराई भी बढ़ाई जाएगी। ताकि पानी सड़क पर जमा न हो। इसके अलावा कॉलोनियों में जरूरत के अनुसार पाइपलाइन भी बिछाई जाएगी। इस पूरी परियोजना पर करीब 2.34 करोड़ रुपये की लागत आएगी। नगर निगम की ओर से निविदा प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। कार्य को शीघ्र पूरा किया जा सके। इसके लिए प्रत्येक वार्ड और कार्य के लिए अलग-अलग निविदा लगाई गई है। ताकि अलग-अलग एजेंसी ही काम करें और कार्य को लक्ष्य से पहले पूरा किया जा सके।
विदित हो कि जिन कॉलोनियों के नालों की चौड़ाई बढ़ाने और पाइपलाइन बिछाने के लिए चुना गया है। तीन माह पहले बरसात के मौसम में यहां लोगों ने काफी दिक्कतें झेलीं। लोगों के घरों में भी बरसाती पानी घुस गया। इसके अलावा सीवरेज की गंदगी भी ओवरफ्लो होकर बाहर निकलती रही। यहां घरों से निकलने वाले पानी के लिए भी बेहतर इंतजाम नहीं हैं। निगम आयुक्त के अनुसार, आठ वार्डों की विभिन्न कॉलोनियों में नाले निर्माण और पाइपलाइन डालने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। जल्द धरातल पर भी कार्य शुरू होगा। लोगों को बेहतर सुविधाएं देने के उद्देश्य से कार्य कर रहे हैं।
गड्ढों से मिलेगी निजात, गलियों का भी होगा नवनिर्माण
जहां पर सीवरेज पाइपलाइन डाली जाएगी, उन कॉलोनियों में गलियों का भी नवनिर्माण होगा। अभी यहां पर गलियों की हालत भी खराब है। लोगों को गड्ढों के कारण परेशानी उठानी पड़ती है। कई लोग हादसों का शिकार हो चुके हैं। बरसाती मौसम में व रात में लोगों को ज्यादा परेशानी होती है। अब धुंध के मौसम में भी हादसों की संभावना रहेगी। ऐसे में यदि सड़कें शीघ्र बनती हैं तो लोगों को काफी राहत मिलेगी।
किस कार्य पर कितना होगा खर्च
- वार्ड-01 में ऊंचानी गांव की आउटर फिरनी पर नाले का निर्माण पर 26.37 लाख रुपये।
- वार्ड-06 में गलियां, ड्रेन, नाला निर्माण और गड्ढे भरने पर 21.10 लाख रुपये खर्च होंगे।
- वार्ड-06 में चांद सराय, मंगल कॉलोनी और दून वैली कॉलेज रोड पर नाले की सफाई पर 3.03 लाख रुपये।
- वार्ड-10 के सेक्टर-13 अर्बन अस्टेट में बरसाती पानी निकासी के लिए पाइपलाइन निर्माण पर 15.02 लाख रुपये।
- वार्ड-13 की जनता मंडी की सड़क, बरसात पानी निकासी के लिए आरसीसी पाइपलाइन निर्माण पर 27.67 लाख रुपये।
- वार्ड-15 में मीरा घाटी क्षेत्र से महाराणा प्रताप चौक तक आरसीसी नाले का निर्माण पर 37.45 लाख रुपये।
- वार्ड-15 की विभिन्न कॉलोनियों में गलियों और नाले के निर्माण पर 15.64 लाख रुपये।
- वार्ड-16 की गोबिंद कॉलोनी में आरसीसी नाले का नवनिर्माण पर 40.28 लाख रुपये।
- वार्ड-18 में गांधी नगर कॉलोनी की गली नंबर-3 में नाले और सीमेंटेड सड़क का निर्माण पर 13.59 लाख रुपये।
- वार्ड-19 राम नगर में बिजली निगम कार्यालय से कैथल ओवरब्रिज तक निकासी के लिए आरसीसी पाइपलाइन बिछेगी 33.52 लाख रुपये।