करनाल। जिले में शुक्रवार को झमाझम बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली। वहीं शहर में कई इलाकों में जलभराव की स्थिति देखने को मिली। इससे लोगों आवागमन में भारी असुविधा का सामना करना पड़ा। सड़कों में गड्ढों में जलभराव के बाद कई लोग गिरते दिखे। मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि शनिवार को भी बारिश हो सकती है।
पिछले तीन चार दिनों से लगातार बारिश की गतिविधियां देखी जा रही हैं, जिससे तापमान में भी लगातार उतार चढ़ाव बना हुआ है। केंद्रीय मृदा लवणता अनुसंधान संस्थान (सीएसएसआरआई) की जिला मौसम वेधशाला में शुक्रवार को बारिश 14.8 एमएम दर्ज की गई। हालांकि बारिश बिखराव के साथ हुई, जिसके कारण कहीं कहीं अधिक तेज बारिश हुआ, कहीं कहीं बारिश हल्की रही।
दिन के समय झमाझम बारिश के बाद पुराने बस स्टैंड के सामने जलभराव हो जाने के कारण यात्रियों की भारी असुविधा हुई। कई बुजुर्ग यात्री तो पानी में गिर गए, क्योंकि सड़कों पर गड्ढे भी बन चुके हैं। युवक भी यहां दीवारों के सहारे बसों तक पहुंचते नजर आए। मानव सेवा संघ के सामने भी जलभराव हो गया।घंटाघर चौक पर बारिश के घंटों बाद तक पानी भरा रहा।
बारिश के दौरान तो लघु सचिवालय के सामने भी जलभराव की स्थिति नजर आई। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अभी शनिवार को भी बारिश की गतिविधियां हो सकती हैं। कहीं कहीं हल्की तो कहीं मध्यम बारिश की संभावना है लेकिन आठ सितंबर से बारिश की गतिविधियों में कमी आ सकती है। तापमान में बढ़ोतरी भी होने की संभावना है।