वार्ड 12 और 13 में निगम कराएगा खस्ताहाल 16 दुकानों की मरम्मत
शहरवासियों को मिलेंगी बेहतर सुविधाएं, निगम का बढ़ेगा राजस्व
माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। नगर निगम ने वार्ड 12 और 13 में स्थित अपनी खस्ताहाल 16 दुकानों की मरम्मत कराने का निर्णय लिया है। निगम जल्द ही इन दुकानों का भौतिक सत्यापन कर उनकी हालत का आकलन करेगा, जिसके बाद लगभग 17 लाख रुपये की लागत से मरम्मत कार्य शुरू किया जाएगा। इनमें कई दुकानें ऐसी हैं जो पहले ही किराए पर दी जा चुकी हैं, जबकि कुछ लंबे समय से खाली पड़ी हैं। मरम्मत के बाद इनको दोबारा शहरवासियों को किराए पर उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे निगम का राजस्व बढ़ेगा।
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार कई दुकानों की स्थिति जर्जर होने के कारण वे उपयोग योग्य नहीं रह गई थीं। दीवारों में दरारें, टूटे शटर और खराब फर्श के चलते दुकानों को उपयोग में लाने में दिक्कतें आ रही थीं। मरम्मत के बाद दुकानों का नया आवंटन भी किया जाएगा। निगम का मानना है कि बेहतर स्थिति में दुकानों को किराए पर देने से न केवल लोगों को व्यावसायिक सुविधाएं मिलेंगी, बल्कि इससे निगम को हर माह अच्छी आमदनी भी होगी।
निगम कार्यकारी अभियंता ओपी कर्दम ने बताया कि मरम्मत कार्य पूरा होने तक दुकानों का निरीक्षण नियमित रूप से किया जाएगा ताकि काम की गुणवत्ता पर कोई समझौता न हो। वहीं, जिन दुकानों को पहले ही किराए पर दिया जा चुका है, उन्हें भी मरम्मत के दौरान अस्थाई व्यवस्था उपलब्ध कराई जाएगी।
उनका कहना है कि शहर में निगम की संपत्तियों को सुधारना प्राथमिकता में है। खाली और क्षतिग्रस्त दुकानों का दोबारा उपयोग शुरू होने से शहर में छोटे व्यापारियों को नए अवसर मिलेंगे तथा निगम की आर्थिक स्थिति भी मजबूत होगी।