गांव डबरकी कलां से करीब ढाई माह पूर्व संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुई विवाहिता के मामले में पुलिस ने दो सगे भाइयों पर सामूहिक दुष्कर्म का मामला दर्ज किया है। साथ ही उस कथित चिकित्सक को भी दवाई में नशीली वस्तु मिलाने के आरोप में नामजद किया है। चिकित्सक पर पीड़िता ने आरोप लगाया है कि उसने दवाई में नशीली वस्तु मिलाकर दी थी जिसे खाने से उसका पति व सास गहरी नींद सो गए थे। इसी दौरान उसका अपहरण किया गया। मामला दर्ज करने के बाद पुलिस ने शुक्रवार को महिला को अदालत में पेश किया। जहां पीड़ित महिला के धारा 164 के तहत बयान दर्ज करवाए गए।
सूत्रों के अनुसार पीड़िता ने अदालत में वही बयान दोहराए जो पुलिस में दी शिकायत में आरोपियों पर लगाए हैं। पीड़िता ने कहा कि अपहरण के बाद दोनों भाइयों द्वारा उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया। जिसमें गांव के ही चिकित्सक ने आरोपी भाइयों का सहयोग किया। पुलिस ने दो भाइयों दीपक व संदीप के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म व चिकित्सक गंगा के खिलाफ दवा में नशीली वस्तु मिलाने व धमकी देने के आरोप में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। उधर आरोपी पक्ष आरोपों को निराधार बता रहा है। उनका कहना है कि महिला अपनी मर्जी से युवक के साथ गई थी। पुलिस ने 2 माह की गर्भवती पीड़ित महिला का डीएनए टेस्ट करवाने की तैयारी कर दी है। अब डीएनए टेस्ट के बाद रिपोर्ट के आधार पर ही यह खुलासा होगा कि गर्भ में पल रहा बच्चा आरोपी युवक का है या नहीं।
रिपोर्ट के आधार पर होगी कार्रवाई
थाना प्रभारी मुनीष कुमार का कहना है कि मामले की छानबीन शुरू कर दी है। पुख्ता तथ्यों व रिपोर्ट के आधार पर ही आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। थाना प्रभारी ने कहा कि मामला संवेदनशील होने के कारण महिला का डीएनए टेस्ट करवाना जांच का पार्ट है ताकि बेसिक तथ्य स्पष्ट हो सकें। अब मामले में महिला की डीएनए टेस्ट रिपोर्ट आने के बाद ही आपराधिक कार्रवाई को लेकर दिशा तय होगी।