महिला का यौन उत्पीड़न करने के मामले में एक पुलिसकर्मी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया। जहां से न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। कस्बे की एक विवाहिता ने हरियाणा पुलिस के एक जवान पर उसके साथ दुष्कर्म करने और अश्लील वीडियो बनाने के आरोप लगाए थे। यह भी आरोप था कि उक्त पुलिसकर्मी ने महिला को झूठे संगीन मुकदमों में फंसाने तथा अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी दी थी। शिकायत के मुताबिक आरोपी उसके साथ करीब चार साल तक दुष्कर्म करता रहा। जिसके चलते पीड़िता ने जान भी देनी चाही लेकिन पति ने बचा लिया था। यह मामला 2016 का है।
शिकायतकर्ता महिला के मुताबिक उसका पति गलत तथ्यों के आधार पर जेल में बंद था। महिला एक जनरल स्टोर चलाती थी। आरोपी पुलिसकर्मी उसके पति का जानकार था। इसलिए उसका पीड़िता के घर आना-जाना था। उसके पति के जेल जाने के लगभग 15 दिन बाद आरोपी जबरन घर में घुस गया और उसके साथ दुष्कर्म कर अश्लील वीडियो बना ली। यही नहीं ब्लैकमेलिंग कर महिला को कई बार होटल व गेस्ट हाउस में ले जाकर भी गलत काम किया।
इसके बाद पीड़िता ने पुलिस उच्चाधिकारियों से न्याय की गुहार लगाई थी। मामला संज्ञान में आने के बाद उच्चाधिकारियों ने पुलिसकर्मी के खिलाफ मामला दर्ज करने के आदेश जारी कर दिए थे। बीते मार्च माह में मामला दर्ज हुआ था। तभी से वह फरार चल रहा था। पुलिस को आरोपी के घरौंडा में होने की सूचना मिली। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
एक विवाहिता ने उसके साथ दुष्कर्म की शिकायत की थी। शिकायत में महिला ने आरोपी पर अश्लील वीडियो वायरल करने, जान से मारने की धमकी देने सहित कई गंभीर आरोप लगाए थे। महिला की शिकायत के आधार पर विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी थी। इसी मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
-मनोज कुमार, थाना प्रभारी घरौंडा