- हरियाणा राजपूत प्रतिनिधि सभा और अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा की संयुक्त बैठक में बनाई आगामी रणनीति
संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। अब राजपूत समाज ने भी चुनाव में भागीदारी के आधार पर अपनी हिस्सेदारी मांगी है। लोकसभा और विधानसभा के चुनाव को लेकर राजपूत समाज ने अपने प्रतिनिधियों को आठ सीटें देने की मांग रखी है।
शुक्रवार को करनाल के महाराणा प्रताप भवन में हरियाणा राजपूत प्रतिनिधि सभा और अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा की संयुक्त बैठक अध्यक्ष नरेश चौहान की अध्यक्षता में हुई। सबसे पहले करनाल के राजपूत सभा के प्रधान डॉ. नरेंद्र प्रताप सिंह ने मेहमानों का स्वागत किया। समाज के लोगों के साथ बैठक कर विचार विमर्श किया। बैठक के बाद हरियाणा राजपूत प्रतिनिधि सभा के अध्यक्ष नरेश चौहान ने पत्रकारों को बताया कि आगामी लोकसभा और विधानसभा चुनावों के दृष्टिगत राजपूत समाज पूरी तरह से तैयार हो गया है। उन्होंने अपनी मांग रखते हुए कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव, राज्यसभा और विधानसभा चुनाव की आठ टिकट राजपूत समाज के लोगों को दी जाएं।
यदि प्रमुख राजनीतिक दल ऐसा नहीं करेंगे तो समाज इन चुनाव में बड़ा फैसला ले सकता है और निर्दलीय चुनाव लड़ सकता है। उन्होंने कहा कि एससी सीट रिजर्वेशन का फैसला नगर पालिका, नगर परिषद और पंचायत की तरह रोटेशन के आधार पर होना चाहिए।
अध्यक्ष नरेश चौहान ने कहा की हरियाणा में राजपूत समाज आठ प्रतिशत की संख्या में है, लेकिन संख्या के आधार पर राजनीतिक दलों ने समाज के साथ न्याय नहीं दिया। राजपूत समाज से कम संख्या वाले समाज का व्यक्ति भी हरियाणा में मुख्यमंत्री बन चुका है, लेकिन राजपूत को अभी तक मुख्यमंत्री बनने का मौका नहीं मिला।
मौके पर अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा के प्रदेश अध्यक्ष दलबीर सिंह, हरियाणा राजपूत प्रतिनिधि सभा के प्रधान महासचिव राय सिंह, महासचिव तिलक राज चौहान, मीडिया प्रभारी यशपाल राणा, रिटायर्ड एसीपी मित्रपाल सिंह परमार, पूर्व विधायक रेखा राणा, राजपूत सभा करनाल के वरिष्ठ उप प्रधान कुलदीप नंबरदार आदि शामिल रहे।