करनाल जिले में रविवार देर रात से शुरू हुआ बारिश का सिलसिला सोमवार सुबह करीब नौ बजे तक चला। पूरी रात रुक रुककर बारिश होती रही। सुबह नौ बजे तक जिले में करीब 84.0 एमएम बारिश दर्ज की गई। भारी बारिश के चलते जहां तापमान में गिरावट आई है, वहीं शहर के सीवरेज और नाले ओवरफ्लो होने से सड़कों पर जलभराव हो गया। इससे लोगों को परेशानियों को सामना करना पड़ा।
पिछले दो दिनों से आसमान में लगातार बादल बनने के बाद रिमझिम फुहारों के साथ लौट रहे थे। शनिवार को दिन के समय भी कहीं कहीं पर हल्की बूंदाबांदी हुई थी, लेकिन दोपहर बाद मौसम साफ होने की वजह से किसानों के चेहरे उतर आए थे, लेकिन रात को अचानक मौसम में हुई तबदीली से आधी रात के बाद बारिश का सिलसिला शुरू हो गया था।
जो सुबह नौ बजे तक चला। जिले में करीब आठ घंटे तक झमाझम बारिश हुई। इससे शहर के नालों व सीवरेज ओवरफ्लो होने की वजह से शहर के निचले हिस्सों में पानी जमा हो गया। इससे शहर व ग्रामीण क्षेत्र के कई स्कूलों में भी पानी जमा हो गया, इसे विद्यार्थियों व अध्यापकों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
पिछले वर्ष की अपेक्षा अब तक 135.6 एमएम कम हुई बारिश
मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक पिछले वर्ष आठ अगस्त तक जिले में 577.7 मिलीमीटर बारिश हुई थी, लेकिन इस वर्ष अब तक 442.1 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। जो पिछले वर्ष की तुलना में 135.6 एमएम कम है। हालांकि मौसम विभाग ने इस वर्ष अच्छी बारिश होने की संभावना जताई थी, लेकिन अभी तक विभाग के आंकड़ों के मुताबिक बारिश नहीं हुई है। हालांकि मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में जिले में बारिश होने की संभावना जताई है।