दिवाली व छठ पूजा पर होने वाली भीड़ को देखते हुए रेलवे ने दो और नई फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन चलाई हैं। इन ट्रेनों का संचालन आठ व नौ नवंबर से किया जा रहा है। दोनों गाड़ियां पंजाब के सरहिंद जंक्शन से बिहार के सहारसा तक जाएंगी। इन गाड़ियों से उत्तर प्रदेश, पूवोत्तर, बिहार व बंगाल जाने वाले लोगों को भी फायदा होगा।
रेलवे की ओर से चलाई जा रही दोनों फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनों में कुल 20-20 डिब्बे होंगे। गाड़ी संख्या 04525-26 में तीन थ्री टियर वातानुकूलित, 13 श्यनयान, दो सामान्य और दो एसएलआर कोच होंगे। वहीं गाड़ी संख्या 04527-28 में एक थ्री टियर वातानुकूलित, नौ श्यनयान, नौ सामान्य, एक एसएलआर कोच लगाया गया है।
इस ट्रेन का रूट राजपुरा जंक्शन, अंबाला छावनी, यमुनानगर जगाधरी, सहारनपुर, मुरादाबाद, बरेली, सीतापुर, गौंडा, गोरखपुर, सिवान, छपरा, हाजीपुर, मुजफ्फरनगर, समस्तीपुर, बरौनी, बेगुसराय, खगड़िया, सिमरी बख्तियारपुर से सहरसा निर्धारित किया गया है। दोनों गाड़ियां का जाने व आने का यही रूट रहेगा, लेकिन वापसी में यह ट्रेनें अंबाला कैंट में ही समाप्त की जाएंगी। अगले फेरे का संचालन सरहिंद से किया जाएगा।
गाड़ी संख्या 04526 आठ, 11, 13 और 17 नवंबर को सरहिंद से चलाई जाएगी। सहरसा से गाड़ी संख्या 04525 का संचालन नौ, 12, 15 व 18 नवंबर को किया जाएगा। इसी तरह गाड़ी संख्या 04528 का संचालन नौ, 13, 16 और 19 नवंबर को होगा। गाड़ी संख्या 04527 सहरसा से 10, 14, 17 व 20 नवंबर को चलेगी।
त्योहारों के चलते ट्रेनों में भारी भीड़ रहती है। इससे यात्रियों को भारी परेशानी होती है। लोगों को बेहतर सुविधा देने के लिए दो और गाड़ियां का संचालन किया जा रहा है। दोनों ट्रेनों के चार-चार फेरे होंगे। - मनदीप सिंह भाटिया, मंडल रेलवे प्रबंधक, अंबाला कैंट।