- तेजिंद्र की माता के हाथ का बना चूरमा खाकर लिया आशीर्वाद, विधानसभा चुनाव के दौरान घोघड़ीपुर गांव में हुई थी मुलाकात
माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। करीब दो साल पहले विधानसभा चुनाव के दौरान घोघड़ीपुर गांव में जिस परिवार से राहुल गांधी ने मिलने का वादा किया था, भाई दूज पर उसी परिवार को उन्होंने खुद फोन कर दिल्ली बुलाया। फोन आने के बाद परिवार दिल्ली पहुंचा तो राहुल गांधी ने न केवल सभी का हालचाल जाना, बल्कि अमेरिका में सड़क हादसे में घायल अमित मान की तबीयत के बारे में भी पूछा। तेजिंद्र और अमित की मां के हाथ का बना चूरमा खाया और उनके पैर छूकर आशीर्वाद लिया।
नई दिल्ली स्थित इंदिरा भवन में भाई दूज पर आयोजित इस कार्यक्रम में करीब 200 परिवारों को बुलाया गया था। इनमें करनाल और सोनीपत के परिवार भी शामिल रहे। करनाल के तेजिंदर मान फिलहाल अमेरिका में होने के कारण खुद कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सके, लेकिन उनके परिवार से मां रामपति, भाई सतेंद्र मान, चाची संतोष देवी, मामा बिट्टू और भतीजा अमित मान व रोहित, अमित की मां बीरमति पहुंचे।
मुलाकात की शुरुआत वर्ष 2023 में अमेरिका दौरे के दौरान हुई
राहुल गांधी और मान परिवार की मुलाकात की शुरुआत वर्ष 2023 में अमेरिका दौरे के दौरान हुई थी। वहां उनकी मुलाकात करनाल के अमित मान से हुई थी। अमित ने बताया था कि गांव के युवा रोजगार के लिए विदेश जाने को मजबूर हैं। इसी दौरान अमित सड़क हादसे में घायल भी हो गए थे। राहुल गांधी ने भारत लौटकर उनके परिवार से मिलने का वादा किया था। करीब एक महीने बाद वह घोघड़ीपुर गांव पहुंचे और अमित की मां बीरमती से मिले। वीडियो कॉल के जरिये अमेरिका में अमित से भी बात की थी। उस समय परिवार ने उन्हें देसी घी और चूरमा दिया था। तेजिंदर मान ने बताया कि दिल्ली में मुलाकात के दौरान राहुल गांधी ने सभी से बातचीत की। परिवार से जल्द दोबारा मिलने का वादा भी किया।
राहुल ने लिखा- कुछ रिश्ते वक्त के साथ गहरे हो जाते हैं
तेजिंद्र ने बताया कि राहुल गांधी से उनकी यह दूसरी मुलाकात थी। राहुल गांधी ने इस मुलाकात की तस्वीरें साझा करते हुए लिखा कि कुछ रिश्ते वक्त के साथ और भी गहरे हो जाते हैं।