करनाल शहर के सेक्टर-12 और तरावड़ी कस्बे में रविवार को हुए राहगीरी कार्यक्रम में युवा और बच्चे जमकर झूमे। पंजाबी और राजस्थानी गानों पर जहां युवाओं ने डांस किया तो दूसरी ओर स्वच्छता का संदेश दिया गया। वहीं, जिला जेल की रंगीन रंगोली ने धूम्रपान छोड़े, आज से, अभी से का नारा देकर लोगों से नशा छोड़ने की अपील की गई। रविवार को नगर निगम आयुक्त डॉ. आदित्य दहिया के दिशा निर्देश पर पेंटिंग में इस बार स्वच्छता की थीम के साथ प्रतियोगिता करवाई गई। विजेता बच्चों को नगर निगम की ओर से इनाम देकर सम्मानित किया गया।
करीब 125 बच्चों ने पेंटिंग प्रतियोगिता में हिस्सा लेकर अपने मन के भावों को उकेरा और लोगों को स्वच्छता की राह अपनाने के लिए प्रेरित किया। स्वच्छता पर रिदम बिंदल ने सबसे बढ़िया पेंटिंग बनाकर प्रथम स्थान हासिल किया। दिव्या ने द्वितीय तो कर्णनगरी के कर्ण ने तृतीय स्थान हासिल किया। राहगीरी टीम ने कुल 10 बच्चों को पुरस्कार देकर उनका हौसला बढ़ाया। इस अवसर पर राहगीरी टीम के सदस्य राजीव ओहरी, सत्यवीर पोसवाल, विकास गुप्ता, जसविंद्र सिंह व डॉ. बीर सिंह मौजूद रहे।
ये देश है वीर जवानों का, अलबेलों का मस्तानों का
तरावड़ी की पंजाबी मार्केट में आयोजित राहगीरी कार्यक्रम में बच्चों ने एक तरफ जहां देशभक्ति का जलवा बिखेरा। वहीं नन्हीं-मुन्नी छात्राओं ने पंजाबी एवं हरियाणवी सांग पर अपनी बेहतरीन प्रस्तुति दी। इसके अलावा बच्चों ने राधा-कृष्ण की वेशभूषा में मैया यशोदा ये तेरा कन्हैया व राधा तेरी चुनरी समेत अन्य गीतों पर प्रतिभा दिखाकर राहगीरी को चार चांद लगा दिए। सुबह होते ही राहगीरी कार्यक्रम में बच्चों की भीड़ उमड़ पड़ी। कार्यक्रम के दौरान नड़ाना से आए चंद्रपाल ने डॉक्टर और मरीज का नाटक प्रस्तुत कर हंसी से लोटपोट किया। कार्यक्रम के दौरान दर्जनों लोगों ने करीब 2 घंटे तक जमकर लुत्फ उठाया। इस अवसर पर जय भारत युवा मंडल के रोहित, संदीप कटारिया, पंकज ठाकुर, संदीप जोशी, भीम सिंह, रणजीत राणा, शिव कुमार राणा, साजन कटारिया व चंद्रपाल नड़ाना समेत कई लोग मौजूद रहे।