सीतापुर। पंजाब के चंडीगढ़ में हुई चोरी के मामले की छानबीन कर रही एसटीएफ शुक्रवार की भोर सीतापुर पहुंची। यहां टीम ने होटल निमिषा में दबिश देकर दो महिलाओं व तीन पुरुषों को गिरफ्तार किया। इसके बाद टीम पांचों को सामान समेत अपने साथ लेकर चली गई। बताया जा रहा है कि इन पांचों ने मिलकर पंजाब राज्यपाल के एडीसी के घर को अपना निशाना बनाया था। हालांकि इसकी अधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है।
शहर के जेलरोड ग्रीकगंज स्थित होटल निमिषा में शनिवार सुबह करीब 5.50 बजे पंजाब एसटीएफ ने दबिश दी। होटल के तीन कमरों में चंडीगढ़ के पांच लोग ठहरे हुए थे। इनमें चंडीगढ़ के सीआरपीएफ कैंपस के निकट गेट बहलाना निवासी सुनील कुमार, उसकी पत्नी निकिता, मकान नंबर छह रायफल क्लब निवासी अनु शर्मा पत्नी विनोद, हरियाणा के पानीपत के मकान नंबर 23 गली नंबर 18 विकास नगर निवासी सोमवीर और मकान नंबर 23 खवासकर निवासी मोहित शामिल थे। यह पांचों लोग एक काली एसयूवी से शुक्रवार देर शाम करीब 08.30 होटल पहुंचे थे और तीन कमरे लिए थे। इनमें सुनील व निकिता एक कमरे में रुके, जबकि अनु दूसरे कमरे में ठहरे। मोहित और सोमवीर अलग कमरे में ठहरा हुआ था। सुबह करीब 5.50 एसटीएफ स्थानीय पुलिस के साथ होटल पहुंच गई। यहां रिसेप्शन पर संदिग्धों के बारे में पूछताछ के बाद कमरे से ही पांचों लोगों को हिरासत में ले लिया। इसके बाद कुछ देर तक पूछताछ की और फिर टीम पांचों को अपने साथ लेकर रवाना हो गई। पंजाब पुलिस की टीम अपने साथ होटल का डीवीआर भी ले गई है। सूत्रों के अनुसार बीते दिनों पंजाब राज्यपाल के एडीसी के घर चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया था। जिसके बाद से पुलिस टीमें संदिग्धों की तलाश कर रही थी। इसी बीच इनकी लोकेख्शन सीतापुर मिलने पर टीम यहां आई। सीओ सिटी विनय यादव ने बताया कि पंजाब पुलिस के आने की सूचना है, लेकिन किस मामले में लोगों को पकड़ा गया है इसकी स्पष्ट जानकारी नहीं है। चोरी किए जाने की बात सामने आ रही है।