संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। जिले में हुए तीन सड़क हादसों में राजकीय विद्यालय की प्राध्यापिका सुषमा, निजी अस्पताल के ओटी मैनेजर सोहन सिंह उर्फ सोनू और 18 माह के बच्चे लविश की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार तेज रफ्तार तीनों दुर्घटनाओं का कारण रहा।
नई अनाज मंडी के पास ब्रह्मानंद चौक के नजदीक हादसे में राजकीय विद्यालय बड़ौता की प्राध्यापिका सुषमा की मौत हुई। यह अति व्यस्त मार्ग है। मंडी और भारतीय खाद्य निगम के गोदाम होने के कारण इस मार्ग से भारी वाहन गुजरते रहते हैं। अक्सर हादसे होते रहते हैं। राष्ट्रीय राजमार्ग पर नई अनाज मंडी के सामने ओटी मैनेजर की मौत हुई। गांव बरास में ट्रैक्टर ट्राॅली ने बच्चे को कुचल दिया।
थाना शहर पुलिस ने प्राध्यापिका और ओटी मैनेजर के शव काे पोस्टमार्टम कराकर परिजन को सौंप दिया है। निसिंग थाना पुलिस ने बच्चे का शव कब्जे में लेकर अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है। शनिवार को पोस्टमार्टम होगा। तीनों मामलों में परिजन की शिकायत पर वाहन चालकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।