राजीवपुरम कॉलोनी की समस्याओं को लेकर कॉलोनीवासियों ने मुगल कैनाल से लघु सचिवालय तक रोष प्रदर्शन कर प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की तथा उपायुक्त को ज्ञापन सौंपकर समस्याओं का समाधान कराने की मांग की। कॉलोनी वासियों ने प्रशासन की लापरवाही को ही उनकी दुर्दशा का कारण बताया।
कॉलोनीवासी दीपक मेहरा व रानी कांबोज ने कहा कि 20 साल से बसी राजीवपुरम कालोनी के लोग बुनियादी सुविधाओं से भी वंचित हैं। गलियां कच्ची होने के कारण यहां गंदगी जमा हो जाती है। बरसात का पानी जमा होने से कीचड़ हो जाता है और लोगों को आने-जाने में भारी परेशानी होती है। उन्होंने कहा कि सरकार कॉलोनी को नियमित करें और सभी सुविधाएं कालोनीवासियों को उपलब्ध करवाई जाए।
ज्ञापन लेने के बाद डीसी मंदीप सिंह बराड़ ने आश्वासन दिया कि कॉलोनी को नियमित करवाकर लोगों की समस्याओं का हल किया जाएगा। डीसी ने नगर निगम आयुक्त सुमेधा कटारिया से फोन पर बातचीत कर उन्हें निर्देश दिए। आयुक्त ने बताया कि राजीवपुरम कालोनी के अप्रूवल के प्रपोजल भेजा जा चुका है। डीसी ने कहा कि कालोनी में सफाई कार्य तुरंत शुरू करवाया जाए। इसके बाद फाउंडेशन सदस्य और कालोनीवासी मेयर रेणु बाला गुप्ता से भी मिले। मेयर ने कहा कि वह स्वयं कालोनी में आकर लोगों की समस्याएं सुनेंगी। मेयर ने 15 अगस्त तक कालोनी को नियमित करवाने का आश्वासन दिया। इस मौके पर बाला, अनु, भावना, मेहरचंद, सुनील शर्मा, शेरा, सोनिया, ज्योति, मोनिका, मंजू, उषा रानी, आशा रानी, सुदेश, निर्मल, सुमन, दीपक, जयप्रकाश, बेदो, शर्बती, संतोष देवी आदि मौजूद रही।