सीएम मनोहर लाल अपने ही विधान सभा क्षेत्र के सेक्टर छह स्थित राजकीय स्कूल की दुर्दशा पर नाराज हैं। उन्हीं के निर्देश पर शुक्रवार को शिक्षा विभाग के अधिकारियों को यहां के हालात की जानकारी दी तो उनमें खलबली मच गई। उधर डीईईओ ने भी उच्च अधिकारियों को निरीक्षण रिपोर्ट भेज दी है। उसी के बाद चंडीगढ़ में अफसरों की बैठक हुई, जिसमें दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की रणनीति तैयार की गई है। संकेत मिले हैं कि शनिवार को इस बारे में कार्रवाई हो सकती है।
गुरुवार सुबह पार्षद मेगा भंडारी ने डीईईओ के साथ सेक्टर छह के स्कूल का निरीक्षण किया तो वहां बुरा हाल मिला। पार्षद मेगा भंडारी ने बताया कि स्कूल की अव्यवस्थाओं के बारे में सीएम मनोहर लाल और शिक्षा मंत्री दोनों को पूरी जानकारी दे दी है। सीएम के यहां से जानकारी मिली है कि इस बारे में शनिवार को दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होगी। साथ में स्कूल का सिस्टम सुधारने का प्लान तैयार होगा। इस बारे में जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी के साथ बैठक भी होगी। उसी में स्कूल की व्यवस्था सुधारने के बारे में सब कुछ तैयार हो जाएगा। इसी के साथ-साथ जिले के सभी स्कूलों की अव्यवस्थाओं को सुधारने के बारे में सिस्टम तैयार होगा। जिससे कि अन्य स्कूलों में किसी भी तरह की गड़बड़ी न हो सके।