- विकसित भारत जन संवाद संकल्प यात्रा शुरू, स्कूली बच्चों के बीच कराईं प्रतियोगिताएं
संवाद न्यूज एजेंसी
असंध। विकसित भारत जन संवाद संकल्प यात्रा सालवन गांव पहुंची जिसका जोरदार स्वागत किया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किए गए। इस दौरान हुईं स्कूली बच्चों की निबंध प्रतियोगिता में प्रियांशी प्रथम, स्वाति द्वितीय व मयंक तृतीय रहा। स्लोगन लेखन में खुशी प्रथम, राहुल द्वितीय व अनु व अंजलि तृतीय रही। पेंटिंग प्रतियोगिता में हर्षिता प्रथम, सिमरन व खुशी द्वितीय, खुशी व दीपक तृतीय स्थान पर रहे। प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में शानू, रितिका व मधु प्रथम, सोनिया, निशु, रितिका द्वितीय तथा प्राची, पलक व अनु तृतीय स्थान पर रही। उक्त सभी प्रतियोगिता में अव्वल रहे प्रतिभागियों को ग्राम पंचायत की ओर से नकद राशि देकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर विधायक हरविंद्र कल्याण सहित कई वक्ताओं ने संकल्प यात्रा के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए केंद्र व राज्य सरकार की योजनाएं गिनाईं।
विधायक हरविंद्र कल्याण ने कहा कि हम सबके लिए बड़े गर्व की बात है कि नरेंद्र मोदी के 2047 तक विकसित भारत के सपने की यात्रा आज सालवन गांव की पवित्र भूमि से शुरुआत हो रही है। भाजपा जिला अध्यक्ष योगेंद्र राणा ने कहा कि देशभर में विकसित भारत जन संवाद संकल्प यात्रा का शुभारंभ प्रधानमंत्री मोदी ने 15 नवंबर को झारखंड राज्य के एक पिछड़े गांव से शुभारंभ किया था। इसी कड़ी में यह यात्रा हरियाणा राज्य के हर गांव में पहुंच कर केंद्र व प्रदेश सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं का प्रचार प्रसार करने के साथ-साथ जागरूक करने का काम भी करेगी। जिले में भी यह यात्रा प्रत्येक दिन 25 जनवरी तक हर गांव तक पहुंचेगी। समाज कल्याण विभाग ने मौके पर करीब 40 पात्र व्यक्तियों की पेंशन बनाई। लाभार्थियों को राशन कार्ड की कॉपी सौंपी गई।
इस अवसर पर एसडीएम असंध वीरेन्द्र सिंह ढूल, तहसीलदार असंध सुमन लता, बीडीपीओ नरेश शर्मा, सालवन गांव के सरपंच जयबीर फौजी, भाजपा के जिला उपाध्यक्ष संजय राणा, जिला महामंत्री सुनील गोयल, मंडल अध्यक्ष अमित सालवन, स्कूल के प्रिंसिपल सुरेन्द्र कुमार मिगलानी सहित सभी विभागों के अधिकारी तथा कर्मचारी मौजूद रहे।
बैठक में यात्रा की तैयारियों पर चर्चा
इंद्री। दो दिसंबर को पहुंचने वाली विकसित भारत संकल्प यात्रा को लेकर एसडीएम अशोक कुमार ने वीरवार को नगरपालिका सभागार में सभी विभागों के अधिकारियों की बैठक ली। बताया कि प्रदेश के जरूरतमंद पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने को लेकर राष्ट्रव्यापी विकसित भारत संकल्प यात्रा अभियान का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें योजनाओं के लाभ उठाकर अपना जीवन सही ढंग से गुजर-बसर कर रहे लोगों को शामिल किया जाएगा। मौके पर खंड शिक्षा अधिकारी अंजु सरदाना, सीडीपीओ मीना रतन, खंड कृषि अधिकारी डॉ अश्वनी कुमार, एसएचओ अजायब सिंह, पंचायती राज के एसडीओ हुकम सिंह और खंड उद्यान विभाग के सुपरवाइजर शुभम गांधी आदि मौजूद रहे।
मूनक में भी यात्रा का स्वागत
मूनक। विकसित भारत जन संवाद संकल्प यात्रा का मूनक गांव में स्वागत कमेटी की ओर से भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान संकल्प यात्रा के साथ कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा जिला अध्यक्ष योगेन्द्र राणा ने शिरकत की। इस दौरान उनके साथ असंध के पूर्व विधायक बख्शीश सिंह विर्क व अतिरिक्त उपायुक्त डॉ. वैशाली शर्मा भी मौजूद रहीं।