माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविंदर कल्याण ने वीरवार को अपने फार्म हाउस पर आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में हलका वासियों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान युवाओं ने स्टेडियम में लाइट न होने की शिकायत की। कहा कि लाइट न होने से खेलने में दिक्कतें आती हैं।
जनसुनवाई के दौरान विभिन्न गांवों से पहुंचे लोगों ने विकास कार्यों से जुड़ी समस्याएं और मांगें रखीं। ग्रामीणों ने गांव कैमला के बोखरा चौक पर कम्युनिटी हॉल निर्माण, खोराखेड़ी में ट्रांसफार्मर शिफ्ट करने, घंगसीना में खेतों के रास्ते के निर्माण तथा घरौंडा में सैनी चौपाल का लंबित कार्य पूरा कराने की मांग प्रमुखता से उठाई।
इसके अलावा घोघडीपुर में स्टेडियम में लाइट लगाने, छत की मरम्मत, फिरनी और नाले के निर्माण, खोराखेड़ी में गली-नाली व जनरल चौपाल, श्मशान घाट में शेड तथा कश्यप चौपाल में टाइल्स लगवाने की मांग रखी गई। चुंडीपुर गांव के ग्रामीणों ने तालाब की सफाई, रेन हार्वेस्टिंग सिस्टम और नए कम्युनिटी हॉल के निर्माण की जरूरत बताई। विधानसभा अध्यक्ष ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि इन कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा किया जाए।