संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। बिजली निगम गर्मियों में करीब साढ़े पांच लाख उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली आपूर्ति देने की तैयारी में जुटा हुआ है। इसके लिए जिलेभर में 11 केवी के फीडरों की मरम्मत कार्य किया जा रहा है। फीडर मरम्मत में इंसुलेटर और कमजोर जंपरों को बदला जा रहा है।
सिटी डिवीजन में करीब 112 फीडरों, नीलोखेड़ी, तरावड़ी, गढ़ीबीरबल, इंद्री, निगदू व भादसों क्षेत्र में करीब 80 फीडरों, असंध डिवीजन में 60 फीडरों और घरौंडा डिवीजन में 78 फीडरों की मरम्मत की जाएगी। वहीं जिले में पांच नए बिजली सब स्टेशन स्थापित करने का वर्क ऑर्डर जारी हो गया है। इन सब स्टेशनों में 33 केवी मेडिकल यूनिवर्सिटी कुटेल, 33 केवी मुगल माजरा और 33 केवी रेर कलां सब स्टेशन शामिल हैं।
33 केवी बिजली सब स्टेशन सीधपुर की क्षमता में बढ़ोतरी का कार्य चल रहा है। बिजली निगम की ओर से धान के सीजन से पहले क्षमता में बढ़ोत्तरी के साथ यह सब स्टेशन विद्युत आपूर्ति देगा। 33 केवी सीधपुर बिजली सब स्टेशन की क्षमता 10 से 20 एमवीए की जा रही है। एक महीने में इस पर काम पूरा किया जाएगा।
इस सुविधा से करीब 15 गांवों को लाभ मिलेगा। वहीं 11 केवी सेक्टर-4 फीडर को इसी माह में विभाजित किया जाएगा। अभी तक बिजली निगम की ओर से शहर में करीब ढ़ाई सौ ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाई गई है। करीब 42 ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाई और 28 अतिरिक्त ट्रांसफार्मर रखे गए हैं। वहीं एचटी व एलटी बिजली लाइन के कंडक्टर व फ्यूज बदले गए है।
बिजली निगम उपभोक्ताओं को बेहतर और निर्बाध बिजली आपूर्ति देने की तैयारी में है। इस कार्य के लिए जिन सब स्टेशनों पर ज्यादा लोड है, उसे विभाजित किया जा रहा है। वहीं लाइनों की मरम्मत में क्षतिग्रस्त इंसुलेटर व कमजोर जंपरों को बदला गया है। वहीं पिछले साल जिन क्षेत्रों में लाइन लॉस ज्यादा हुआ है, वहां अतिरिक्त ट्रांसफार्मर रखे जा रहे है। -नसीब सिंह, अधिक्षक अभियंता, उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम, करनाल।