करनाल। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के दौरे के लिए करनाल में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। वीरवार सुबह शाह सेक्टर-12 टी-पॉइंट से ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ पदयात्रा शुरू करेंगे। करीब 300 मीटर का सफर तय कर कर्ण कैनाल के पास पहुंचेंगे। यहां ट्राॅले पर विशेष मंच तैयार किया गया है। इस मंच से जनसभा को संबोधित करेंगे।
पदयात्रा के पूरे मार्ग को चकाचक कर दिया गया है। सड़क के दोनों तरफ बैरिकेडिंग कर क्षेत्र को सील किया गया है। कार्यक्रम स्थल पर प्रवेश के लिए सेक्टर-12 मॉल के पास से व्यवस्था की गई है। जांच के बाद प्रवेश दिया जाएगा। पदयात्रा की शुरुआत सेक्टर-12 टी-पॉइंट से होगी। केंद्रीय गृह मंत्री यहां से पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों के साथ पैदल कर्ण कैनाल तक पहुंचेंगे।
इसके बाद ट्राॅले पर बनाए गए मंच से जनसभा को संबोधित करेंगे। मंच के सामने सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, ताकि कार्यक्रम स्थल की हर गतिविधि पर नजर रखी जा सके। संबोधन पूरा होने के बाद शाह एनडीआरआई परिसर में बनाए गए हेलीपैड की ओर रवाना होंगे। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल, मुख्यमंत्री नायब सैनी, प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी, प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता भी शामिल होंगी।
चप्पे-चप्पे पर निगरानी
बुधवार को प्रशासनिक अधिकारियों ने गृह मंत्रालय की टीम के साथ सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण और रिहर्सल किया। पदयात्रा मार्ग से लेकर जनसभा स्थल तक सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं। पूरे क्षेत्र में बैरिकेडिंग की गई है। आम वाहनों और लोगों की आवाजाही प्रतिबंधित है। सीसीटीवी कैमरों के जरिये भी निगरानी की व्यवस्था की गई है।
दिनभर पहुंचते रहे भाजपा के दिग्गज
शाह के कार्यक्रम के लिए भाजपा के प्रदेश और जिला स्तर के नेताओं का भी दिनभर कार्यक्रम स्थल पर आना-जाना लगा रहा। प्रदेशाध्यक्ष अर्चना गुप्ता सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने तैयारियों का जायजा लिया। प्रशासन और भाजपा संगठन दोनों स्तरों पर तैयारियों को पूरा कर लिया गया है।
इन छह मार्गों पर नहीं जा सकेंगे वाहन
वीरवार को गृह मंत्री के दौरे के मद्देनजर एनडीआरआई चौक, आंबेडकर चौक, महात्मा गांधी चौक, माल रोड, आईटीआई चौक और निर्मल कुटिया चौक को निर्धारित अवधि के लिए पूरी तरह बंद रखा जाएगा। इन मार्गों पर सामान्य वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी।
यह रहेगी वैकल्पिक व्यवस्था
- एनडीआरआई परिसर के रिहायशी क्षेत्र में रहने वाले लोग आवागमन के लिए गेट नंबर पांच, छह और सात का इस्तेमाल कर सकेंगे।
- न्यायपुरी, शक्ति कॉलोनी और सुभाष कॉलोनी के निवासियों को पुराना बस स्टैंड, कमेटी चौक और पुरानी सब्जी मंडी से होते हुए सेक्टर-13/14 जीटी रोड की ओर जाने का वैकल्पिक रास्ता दिया गया है।
- सेक्टर-6 और 7 के निवासी सेक्टर-13/14 कट से पुरानी सब्जी मंडी, पुराना बस स्टैंड, दयाल सिंह कॉलेज और विर्क अस्पताल के रास्ते आवागमन कर सकेंगे।
मेडिकल कॉलेज पहुंचने का अलग रूट
यातायात प्रतिबंधों के बीच आपातकालीन सेवाओं और मरीजों की सुविधा के लिए कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कॉलेज पहुंचने के अलग-अलग रास्ते निर्धारित किए गए हैं।
- असंध, निसिंग और कैथल की तरफ से आने वाले वाहन कमेटी चौक, पुराना बस स्टैंड, दयाल सिंह कॉलेज और विर्क अस्पताल के रास्ते मेडिकल कॉलेज के मुख्य द्वार से प्रवेश कर सकेंगे।
- इंद्री, कुंजपुरा और कुरुक्षेत्र की ओर से आने वाले वाहन आईटीआई चौक और एनडीआरआई चौक से होते हुए मेडिकल कॉलेज के पिछले गेट से पहुंच सकेंगे। - मेरठ रोड, ताऊ देवी लाल चौक, सेक्टर पांच, नमस्ते चौक और घरौंडा की तरफ से आने वाले वाहन सेक्टर-13/14 कट, पुरानी सब्जी मंडी, पुराना बस स्टैंड, दयाल सिंह कॉलेज और विर्क अस्पताल से होते हुए मुख्य द्वार तक पहुंच सकेंगे।