- निर्माणाधीन कंपनी 23 को ओपीडी का भूतल तो 30 जनवरी को प्रथम तल सौंपेगी
मेडिकल यूनिवर्सिटी कुटेल में ओपीडी खुलने का रास्ता साफ, निर्माणाधीन कंपनी 23 को सौंपेगी ब्लॉक
संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। पंडित दीन दयाल उपाध्याय यूनिवर्सिटी ऑफ हेल्थ साइंस कुटेल में ओपीडी खुलने का रास्ता साफ हो गया है। निर्माणाधीन कंपनी ने मेडिकल कॉलेज के निदेशक को 23 जनवरी तक ओपीडी भवन का भूतल पूरा करने और 30 जनवरी तक प्रथम तल का काम पूरा कर उसे सौंपने का आश्वासन दिया है। जिसके चलते मेडिकल कॉलेज के निदेशक मेडिकल यूनिवर्सिटी कुटेल के निर्माण कार्य का 23 और 30 जनवरी को निरीक्षण करेंगे।
बिजली निगम ने 15 दिन बाद भेजा एस्टीमेट
बिजली कनेक्शन के लिए मेडिकल कॉलेज की ओर से बिजली निगम को डेढ़ करोड़ रुपये दे दिए थे जिसके बाद बिजली निगम ने कॉलेज प्रबंधन से तीन करोड़ रुपये और मांगे थे, लेकिन एस्टीमेट बनाकर नहीं भेजा। फिर 15 दिन बाद निगम ने आठ करोड़ रुपये का एस्टीमेट बनाकर भेज दिया। जिसके बाद कॉलेज प्रबंधन ने उसे उच्चाधिकारियों को भेज दिया है। जैसे ही एस्टीमेट के अनुसार रुपये आएंगे वह निगम को सौंप दिए जाएंगे।
यूनिवर्सिटी में 23 विभाग सहित 17 ओटी संचालित होंगे
मेडिकल यूनिवर्सिटी कुटेल का निर्माण जैसे-जैसे पूरा हो रहा है नए एस्टीमेट तैयार किए जा रहे हैं। इनमें एक एस्टीमेट फर्नीचर और उपकरणों का भी बनाया गया है। जिसकी लागत करीब 233 करोड़ रुपये लगाई गई है। इसको लेकर मेडिकल कॉलेज के निदेशक 19 को रोहतक में बैठक के लिए जाएंगे। जिसमें फर्नीचर व उपकरणों पर बनाए गए एस्टीमेट पर विचार-विमर्श किया जाएगा। यूनिवर्सिटी में 23 विभाग सहित 17 मॉडर्न ओटी संचालित किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने की थी घोषणा
बता दें कि पंडित दीन दयाल उपाध्याय यूनिवर्सिटी ऑफ हेल्थ साइंस, कुटेल की प्रदेश के मुख्यमंत्री ने 13 दिसंबर 2014 को बनाने की घोषणा की थी। वहीं टेंडर की सारी प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्माणाधीन कंपनी ने वर्ष 2016 में फेस-वन का कार्य शुरू किया था। जिसे कंपनी को जून 2023 में फेस वन का कार्य पूरा करके देना था, लेकिन दो वर्ष कोरोना काल आने के कारण निर्माण कार्य रुक गया। जिसकी लागत लगभग 750 करोड़ रुपये थी।
मेडिकल यूनिवर्सिटी 144 एकड़ भूमि में बन रही है। जिसमें 750 बेड का सुपर स्पेशलिटी अस्पताल बनाया जा रहा है। जिसमें करनाल सहित 11 जिले कवर होंगे। इन जिलों में करनाल, पंचकूला, कुरुक्षेत्र, पानीपत, हिसार, सिरसा, अंबाला, यमुनानगर, कैथल, जींद व फतेहाबाद शामिल हैं। मेडिकल यूनिवर्सिटी की इमारतें दो फेज में बनेगी। अभी फेज वन में नर्सिंग कॉलेज, साइकोलॉजी कॉलेज, फिजियोथेरेपी डिपार्टमेंट, आरडीए होस्टल, गर्ल्स, ब्वायज होस्टल का काम 97.99 प्रतिशत पूरा हो चुका है। वहीं अस्पताल की बिल्डिंग, जिसमें ओपीडी और आईपीडी, इमरजेंसी, मोर्चरी का काम 91.25 प्रतिशत पूरा हो चुका है। एडमिन ब्लाक, एनिमल हाउस, धर्मशाला, लाईब्रेरी ब्लाक, लेक्चर हॉल, पुलिस बूथ का काम 90.67 प्रतिशत पूरा हो चुका है।