करनाल। बिजली व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, आधुनिक और उपभोक्ता हितैषी बनाने की दिशा में करनाल जिले में जल्द प्रीपेड स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। निगम की ओर से भेजे गए प्रस्ताव पर मुहर लग चुकी है और आगामी छह महीनों के भीतर जिले के करीब दो लाख बिजली उपभोक्ताओं के घरों में प्रीपेड स्मार्ट मीटर लगने शुरू हो जाएंगे। हालांकि, इस योजना के के लिए टेंडर प्रक्रिया अभी होना बाकी है। शहर में पहले ही कुछ जगहों पर प्रीपेड मीटर लगाए जा चुके हैं
सर्किल के अधीक्षक अभियंता नसीब सिंह ने बताया कि स्मार्ट मीटर योजना के तहत उपभोक्ताओं को बिजली खपत पर बेहतर नियंत्रण और पारदर्शी बिलिंग व्यवस्था का लाभ मिलेगा। प्रीपेड स्मार्ट मीटर लगने के बाद उपभोक्ताओं को मोबाइल रिचार्ज की तरह पहले बिजली रिचार्ज करानी होगी। इससे बिजली बिल बकाया रहने की समस्या समाप्त होगी और उपभोक्ता अपनी आवश्यकता के अनुसार बिजली खपत को नियंत्रित कर सकेंगे। स्मार्ट मीटर के माध्यम से उपभोक्ता अपने बिजली उपयोग की जानकारी रियल टाइम में प्राप्त कर सकेंगे, जिससे अनावश्यक खपत पर रोक लगेगी। इसके अलावा मीटर रीडिंग के लिए कर्मचारियों के घर-घर जाने की आवश्यकता नहीं रहेगी। बिजली खपत का पूरा रिकॉर्ड डिजिटल प्रणाली से स्वतः दर्ज होगा, जिससे बिलिंग संबंधी त्रुटियों और विवादों में भी कमी आने की संभावना है।
टेंडर प्रक्रिया के बाद होगा काम शुरू
अधीक्षक अभियंता नसीब सिंह ने बताया कि निगम स्तर पर प्रस्ताव को स्वीकृति मिल चुकी है और अब टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद मीटर लगाने का कार्य शुरू किया जाएगा। योजना को चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा, ताकि सभी उपभोक्ताओं को व्यवस्थित रूप से इस नई व्यवस्था से जोड़ा जा सके।