ईद उल अजहा पर अदा की नमाज, मांगी अमन-चैन की दुआ
- शहर की मस्जिदों में उमड़े मुस्लिम समुदाय के लोग, संवेदनशील जगहों पर तैनात रही पुलिस
संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। मुस्लिम समाज के लोगों ने ईद उल अजहा (बकरीद) की नमाज अदा करके देश में अमन व चैन की दुआ मांगी। शनिवार सुबह पुराने जीटी रोड की ईदगाह में हजरत मोहम्मद अहमद हसन, जुम्मा मस्जिद सुभाष नगर में मौलवी रिजवान, रेलवे स्टेशन वाली मस्जिद में हजरत मौलाना तसव्वुर राव, कसूरी वाली मस्जिद में हाफिज साहब, देवी लाल चौक मेरठ रोड वाली मस्जिद में हाफिज मुर्सलीन राव ने नमाज अदा कराई। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी।
सुबह से मस्जिदों और ईदगाहों में नमाज अदा करने वालों की भीड़ उमड़ी। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी पारंपरिक परिधान में नजर आए। इस दौरान सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस प्रशासन भी सतर्क रहा। हर संवेदनशील स्थान पर पुलिस बल की तैनाती की गई थी। बाजार में भी रौनक देखने को मिली। मीठे और नमकीन पकवानों की खुशबू हर गली-मोहल्ले में फैली रही।
हजरत मौलाना तसव्वुर राव ने कहा कि कुर्बानी उसी जानवर की दी गई जो सरकार की ओर से स्वीकृत है, कुर्बानी के साथ-साथ हमारे अंदर छुपी हुई हर गंदी चीजों को भी कुर्बान करना चाहिए। हमें अपने पड़ोसी का भी ध्यान रखना चाहिए कि उन्हें हमारी कुर्बानी की वजह से कोई तकलीफ न हो।
हरियाणा राज्य हज कमेटी के पूर्व मीडिया समन्वयक खुर्शीद आलम ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी ने मुस्लिम समुदाय के लिए अनेकों योजनाएं बनाई हैं। इसी प्रकार से मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के मुख्यमंत्री निवास संत कबीर कुटीर के दरवाजे 24 घंटे हर समाज के लिए खुले हुए हैं हमें खास तौर पर हरियाणा राज्य के मुस्लिम समाज को ईद उल अजहा ( बकरीद ) के मौके पर एक संकल्प हम सब को मिलकर लेना चाहिए कि हरियाणा और हिंदुस्तान हमारी जन्म भूमि है।