संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। जिले में बकरा ईद का पर्व उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मुस्लिम समुदाय के लोगों ने ईदगाहों तथा मस्जिदों में जाकर ईद की नमाज अदा की। नमाज अदा करने के लिए सुबह से लोग परिवारों और छोटे-छोटे बच्चों के साथ ईदगाहों व मस्जिदों में पहुंचने लगे थे। नमाज से पूर्व अल्हाज मौलाना अहमद हसन ने ईद-उल-अजहा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए भाईचारा, त्याग, सेवा और मानवता का संदेश दिया। उन्होंने सौहार्द, प्रेम और भाईचारे को बढ़ावा देने का संदेश देते हुए समाज में शांति और सद्भाव बनाए रखने का आह्वान किया। इसके बाद श्रद्धालुओं ने अनुशासित ढंग से अपनी-अपनी कतारों में बैठकर नमाज अदा की और खुदा से देश-दुनिया में अमन, शांति, खुशहाली तथा विश्व कल्याण की दुआ मांगी। नमाज के उपरांत लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर बकरा ईद की मुबारकबाद दी।
ईद-उल-अजहा के अवसर पर जुम्मा मस्जिद, सुभाष नगर में मौलवी रिजवान अहमद ने नमाज अदा करवाई। वहीं रेलवे स्टेशन स्थित मदीना मस्जिद में अल्हाज मौलाना तशुवर राव ने नमाज पढ़ाई। कसूरी वाली मस्जिद, कलंदरी गेट के निकट हाफिज साकिर अहमद ने नमाज अदा करवाई। इसके अलावा पुरानी तहसील के सामने स्थित ईदगाह में अल्हाज मौलाना अहमद हसन ने ईद की नमाज अदा करवाई, जबकि मेरठ रोड स्थित देवी लाल चौक के पास हाफिज मुर्सलिन राव ने नमाज का नेतृत्व किया।
युवाओं ने ली सेल्फी, बच्चों ने खरीदे खिलौने
ईद-उल-अजहा पर जहां मुस्लिम समुदाय के लोगों में आपसी प्रेम और भाई चारा देखने को मिला, वहीं मुस्लिम समुदाय के युवा अपने सार्थियों के संग सेल्फी लेते नजर आए तो बच्चों ने जमकर खिलौने खरीदे।