फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

प्रवीण रानी के सिर सजा प्रधानी का ताज

Fri, 22 Nov 2013 09:56 PM IST
तरावड़ी
विज्ञापन
विज्ञापन
तरावड़ी में नगरपालिका प्रधान के चुनाव में शुक्रवार को बैठक मेें उपस्थित सभी 13 पार्षदों ने एकमत से वार्ड दो की पार्षद प्रवीण रानी को प्रधान चुन लिया।
विज्ञापन


एसडीएम मुकुल कुमार की देखरेख में हुए चुनाव में पंद्रह में से तेरह पार्षदों ने हिस्सा लिया। अमर उजाला ने पहले ही खुलासा कर दिया था कि प्रवीण रानी को प्रधानी मिल सकती है। चुनाव की कार्रवाई के दौरान पार्षद प्रवीण रानी के नाम का प्रस्ताव वार्ड एक के पार्षद कमल शर्मा ने रखा और इसका अनुमोदन वार्ड 10 के पार्षद रामसिंह नंबरदार किया।

इसके बाद वार्ड सात की पार्षद व पूर्व नपा प्रधान मुकेश रानी ने भी अपनी उम्मीदवारी जताई लेकिन उनके नाम को किसी अन्य पार्षद की ओर से प्रस्तावित नहीं किए जाने के चलते उम्मीदवारी खारिज कर दी गई। प्रवीण रानी के पक्ष मेें सभी 13 पार्षदों ने सहमति जताई, जिसके बाद प्रवीण रानी को नगरपालिका अध्यक्ष नियुक्त कर दिया गया।
विज्ञापन


27 मई को नगरपालिका अध्यक्ष पद से मुकेश रानी को अविश्वास प्रस्ताव के माध्यम से हटाने के बाद नगरपालिका उपप्रधान वीरेंद्र बंसल कार्यकारी प्रधान के रूप में काम कर रहे थे। प्रवीण रानी के नाम पर बुधवार शाम को पार्षदों की बैठक में ही सहमति हो गई थी।

नगरपालिका प्रधान नियुक्त होने के बाद प्रवीण रानी ने सभी पार्षदों व सांसद अरविंद शर्मा का धन्यवाद जताया और कहा कि उनका प्रयास से सभी पार्षदों के सहयोग से शहर के विकास तेज गति से आगे बढ़ाने का रहेगा। उन्होंने कहा कि शहर में शहर की सफाई व्यवस्था बेहतर करना व शहर में एक पार्क की व्यवस्था करवाना उनकी प्राथमिकता होगी।

मौके पर नीलोखेड़ी के तहसीलदार आरके बिश्नोई, मेहरचंद, भागवती देवी, इंदु बंसल, ओमप्रकाश मल्होत्रा, शंटी बजाज, सुरेंद्र खुराना, हरदयाल सिंह बजाज, युवा कांग्रेस के प्रदेश सचिव मुनीश परवेज राणा, देवीदयाल खोटियान, नगरपालिका सचिव सुशील कुमार, एमई विनोद गोयल, बिल्डिंग इंस्पेक्टर राजीव विज, लिपिक जयचंद व आज्ञाराम उपस्थित थे।

घरौंडा के विकास के लिए करोड़ों के विकास कार्यों को मंजूरी
घरौंडा नगरपालिका के पार्षदों की बैठक पालिका सदन में प्रधान आजाद सिंह की अध्यक्षता में हुई। बैठक में 34 प्रस्ताव रखे गए।

इसमेें करोड़ों रुपये के विकास कार्यों को मंजूरी प्रदान की गई। बैठक में 11 पार्षदों ने हिस्सा लिया। नगरपालिका के पार्षदों की बैठक ठीक साढ़े बारह बजे शुरू हुई। बैठक के शुरुआती दौर में 121 नाम परिवर्तन व 68 भवनों के नक्शे प्रस्तुत किए गए। एजेंडे में रखे सभी नाम परिवर्तन व नक्शों के सभी कागजात पूरे होने पर ही प्रस्ताव पास करने पर पार्षदों ने सहमति जताई।

शहर की सर्विस लेन, डिगरमाजरा, विश्वकर्मा चौक, मलिकपुर रोड, कैमला रोड सहित नगरपालिका की सीमा के अंदर सार्वजनिक स्थानों पर शहर को जगमगाने के लिए स्ट्रीट लाइटों का प्रस्ताव पास हुआ। शहर में विकास कार्य करवाने के लिए 140 प्रस्ताव लगभग करोड़ों रुपये के रखे गए, जिन पर सभी पार्षदों ने सहमति जताई। शहर में कई वार्डों में सीवरेज लाइन बिछाने के लिए जन स्वास्थ्य विभाग को लिखने का प्रस्ताव पास किया गया है।

शहर में चौपालों की मरम्मत कराने के भी प्रस्ताव पास किए गए हैं, वहीं, शहर के सौंदर्यीकरण करने के लिए शहर के सभी एंट्री गेटों रेलवे रोड पर दो गेट, फु रलक रोड, डिगरमाजरा, हाईवे के दोनों और स्वागत गेट लगाए जाने का प्रस्ताव पास किया गया है।

बैठक में लगभग सभी मुद्दों पर सहमति जताई गई। बैठक में नपा सचिव नरेश गुप्ता, उपप्रधान जसबीर कौर, पार्षद सुभाष गुप्ता, डॉ. रामसिंह, बिमला सेठी, कुलदीप राणा, कंवलजीत सिंह सहित अन्य ने हिस्सा लिया।

सिटीजंस कमेटी आज बनाएगी लाइसेंस
करनाल में सिटीजंस ग्रीवांसेज कमेटी की शिक्षा सुधार व आरटीआई उप समिति जिला प्रशासन व बाल विकास परिषद के सहयोग से स्कूल व कॉलेज के विद्यार्थियों के लर्निंग लाइसेंस बनवाएगी।

यह शिविर 23 नवंबर को सेक्टर-12 के लघु सचिवालय में सुबह 9 बजे से लगाया जाएगा। सीजीसी चेयरमैन एपीएस चोपड़ा ने बताया कि बच्चे अपने साथ दो फोटो, जन्म प्रमाणपत्र, निवास स्थान का प्रमाण पत्र लेकर आएं। मौके पर टेस्ट लिया जाएगा और लाइसेंस बनाए जाएंगे।

मौके पर महासचिव आरके द्विवेदी, उपसमिति के प्रधान डीएन अरोड़ा, सीडी पसरीचा, वाइस चेयरमैन एसएम कुमार, सलाहकार आदित्य बंसल व दीवान कुलदीप चोपड़ा, आईजे धमीजा, एचजी गुराना, केके शर्मा, लाजपतराय चुचरा मौजूद थे।

छोटा मंगलपुर को विधायक ने दी लाखों की सौगात
करनाल में हरियाणा भंडारण निगम की अध्यक्ष एवं विधायक सुमिता सिंह ने वार्ड दो के छोटा मंगलपुर में श्मशान घाट में विकास कार्य का शुभारंभ किया।

इस कार्य पर 10 लाख रुपये खर्च होंगे। उन्होंने बताया कि वार्ड दो में स्वास्थ्य विभाग की ओर से लोगों की सुविधा के लिए शीघ्र ही प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बनाया जाएगा। विधायक छोटा मंगलपुर में पार्षद राकेश कुमार व बलविंदर बराड़ की ओर से आयोजित कार्यक्रम में बोल रही थीं।

उन्होंने क्षेत्रवासियों की मांग पर कहा कि शीघ्र ही जीटी रोड से कैलाश को जाने वाले सड़क को पक्का किया जाएगा और इस सड़क पर स्ट्रीट लाइटें लगवाई जाएंगी। इस क्षेत्र की श्मशान घाट बनाने की वर्षों पुरानी मांग को उन्होंने पूरा करके उस पर विकास कार्य आरंभ कर दिया है।

पहले चरण में 10 लाख रुपये खर्च होंगे, यदि और अधिक पैसे की जरूरत पड़ी तो काम पूरा करवाया जाएगा। सरकार के पास पैसे की कोई कमी नहीं है। पार्षद बलविंदर बराड़ व राकेश कुमार ने मांग की कि बसंत विहार कॉलोनी में शहर की अन्य कॉलोनियों की तर्ज पर विकास हो।

इस पर विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री ने प्रदेश की ऐसी कॉलोनी, जो 50 से 80 प्रतिशत आबाद हो चुकी हैं, उनमें मूलभूत सुविधाएं देने की घोषणा की गई है। बसंत विहार कॉलोनी भी करीब 80 प्रतिशत आबाद है, इसमें भी विकास कार्य करवाए जाएंगे। करनाल शहर की 27 कॉलोनियों को सरकार की ओर से वैध किया गया है। इनमें वार्ड दो की शक्तिपुरम कॉलोनी भी शामिल हैं।

शीघ्र ही बसंत विहार का भी सर्वे कराकर मुख्यालय को वैध होने के लिए भेजा जाएगा। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार की ओर से गरीब परिवार के बच्चों को शिक्षा के लिए छात्रवृत्ति योजना चलाई हैं। सरकार की इस योजना से अब गरीब से गरीब व्यक्ति का बच्चा भी उच्च शिक्षा प्राप्त कर सकता है।

मौके पर रोहताश लाठर, सतीश कुमार, कोऑपरेटिव बैंक करनाल के पूर्व चेयरमैन तेजबीर सिंह, ओपी फोरिया, बंसीलाल सिसौदिया, मास्टर नरेश कुमार, नरेश गुर्जर, मनीष कामरा, विमला देवी उपस्थित थे।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें