- राणा ब्रदर्स अकादमी को 163 रन से हराया, प्रियांश चौधरी को सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज व गेंदबाज का अवार्ड
संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। जिला एसोसिएशन ऑफ क्रिकेट करनाल की ओर से अंडर 14 जिला अंतर क्रिकेट प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला हुआ। सोमवार को यह मैच सेक्टर नौ के क्रिकेट मैदान में राणा ब्रदर्स अकादमी और प्रताप क्रिकेट अकादमी के बीच खेला गया। प्रताप क्रिकेट अकादमी ने 163 रन से यह मैच जीतकर टूर्नामेंट अपने नाम किया। प्रियांश चौधरी को सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज व गेंदबाज का अवार्ड मिला।
इस मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए प्रताप क्रिकेट अकादमी ने 35 ओवर में चार विकेट पर 238 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी राणा ब्रदर्स क्रिकेट अकादमी की टीम 75 रन पर ऑल आउट हो गई। प्रताप क्रिकेट अकादमी की ओर से बल्लेबाजी करते हुए प्रियांश चौधरी ने 158 रनों की शानदार पारी खेली और उनका साथ देते हुए प्रज्वल ने 34 रन की पारी खेली और अपनी टीम को एक अच्छे स्कोर तक पहुंचाया।
वहीं राणा ब्रदर्स क्रिकेट अकादमी की ओर से अध्ययन ने 18 और कार्तिक शर्मा ने 14 रन बनाए। पूरी प्रतियोगिता में प्रताप क्रिकेट अकादमी के ऑलराउंडर खिलाड़ी प्रियांश चौधरी ने सर्वाधिक विकेट लिए। इसके लिए उन्हें सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज का खिताब दिया गया। बल्लेबाजी में भी प्रियांश का शानदार प्रदर्शन रहा, इस प्रदर्शन के लिए उन्हें टूर्नामेंट का सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज भी चुना गया। करनाल क्रिकेट एसोसिएशन के जिला सचिव अजय गुप्ता ने बताया कि एसोसिएशन की ओर से इस तरह की प्रतियोगिताओं का आयोजन समय-समय पर किया जाता है ताकि खिलाड़ियों को अपना प्रदर्शन दिखाने का मौका मिले।