माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। जिले में रविवार को लोगों को 3 घंटे तक बिजली कटौती झेलनी पड़ी। 132 केवी करनाल स्टेशन पर मरम्मत कार्य के चलते 33 केवी नेवल से चलने वाले सभी फीडरों की सप्लाई दोपहर 12 से 3 बजे तक बंद रही। इससे शहर की करीब 50 हजार लोगों की आबादी प्रभावित रही।
बिजली निगम के अनुसार 132 केवी स्टेशन पर आवश्यक रखरखाव कार्य के चलते 33 केवी नेवल फीडर से जुड़े सभी क्षेत्रों में निर्धारित समय तक आपूर्ति बंद रखी गई। कुंजपुरा सिटी अर्बन, मुगल माजरा अर्बन, बूढ़ाखेड़ा अर्बन, गौशाला अर्बन, सैनिक स्कूल आईएनडीपी, बड़ा गांव, महनमती, नबीपुर, महमदपुर खिराजपुर, जडौली, नली कलां एपी, यमुना एपी, कुंजपुरा एपी व एसटीपी इंडिपेंडेंट क्षेत्र प्रभावित रहे।
कुंजपुरा सिटी अर्बन क्षेत्र में बिजली बंद रहने से लोगों को पेयजल आपूर्ति और घरेलू कार्यों में परेशानी उठानी पड़ी। कई घरों में पानी की मोटरें नहीं चल सकीं।लोगों को पानी की किल्लत झेलनी पड़ी। स्थानीय निवासी तनिष्क ने बताया कि बिजली से होने वाले काफी काम प्रभावित हुए हैं। मुगल माजरा अर्बन क्षेत्र में भी बिजली न होने से घरों में लगे बिजली उपकरण बंद रहे। दुकानदारों का काम प्रभावित हुआ।
अधीक्षक अभियंता नसीब सिंह ने बताया कि दोपहर 3 बजे के आसपास सभी प्रभावित क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई। उन्होंने कहा कि निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए यह कार्य आवश्यक था।
खेती से जुड़े कार्य प्रभावित
महनमती जगमग योजना के अंतर्गत बड़ा गांव और महनमती गांव में बिजली आपूर्ति बंद रहने से ग्रामीणों के कृषि कार्य प्रभावित हुए। किसान गुरुदयाल का कहना है कि बिजली न मिलने से ट्यूबवेल नहीं चल सके, जिससे सिंचाई कार्य बाधित हुआ। नबीपुर, महमदपुर खिराजपुर और जडौली गांवों में किसानों ने शिकायत की।