करनाल। रातभर हुई बारिश ने शहर की बिजली व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी। बूंदाबांदी शुरू होते ही शहर के अलग-अलग इलाकों में फाल्ट आने लगे और बिजली आपूर्ति बार-बार बाधित होती रही। शहरी क्षेत्रों से लेकर ग्रामीण इलाकों तक उपभोक्ताओं को पूरी रात परेशानी झेलनी पड़ी। दूसरी ओर शिकायत दर्ज कराने के लिए बिजली निगम के कंट्रोल रूम के फोन लगातार घनघनाते रहे। कई उपभोक्ताओं का कहना था कि बार-बार कॉल करने पर फोन व्यस्त मिला या संपर्क नहीं हो सका। वीरवार को 1200 से अधिक शिकायतें आईं।
मेरठ रोड उपकेंद्र से जुड़े सेक्टर-4, सेक्टर-6, करण विहार, न्यू हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी और आसपास के क्षेत्रों में सबसे अधिक परेशानी रही। सेक्टर-4 में करीब आठ घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही। वहीं मॉडल टाउन, प्रेम नगर, कुंजपुरा रोड, दयाल सिंह कॉलोनी के लोगों ने भी रुक-रुक कर बिजली कटौती की शिकायत की। ग्रामीण क्षेत्र में नीलोखेड़ी, तरावड़ी, इंद्री, घरौंडा और असंध क्षेत्र के कई गांवों में भी फाल्ट के कारण बिजली आपूर्ति प्रभावित रही।
उपभोक्ता अमित, किशोर, अमन के अनुसार कई इलाकों में बिजली बहाल होने के कुछ समय बाद फिर फाल्ट आ गया। इससे लोगों की रात जागकर गुजरी। उमस के कारण छोटे बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को सबसे अधिक दिक्कत का सामना करना पड़ा। कई घरों में इनवर्टर भी जवाब दे गए।
-
बारिश में दौड़ती रहीं टीमें
बारिश के दौरान कई स्थानों पर बिजली लाइनों पर पेड़ों की टहनियां गिरने और तकनीकी फाल्ट आने की सूचना पर निगम की टीमें देर रात तक मरम्मत कार्य में जुटी रहीं। अधीक्षक अभियंता नसीब सिंह का कहना है कि शिकायतें मिलते ही संबंधित टीमों को मौके पर भेजकर आपूर्ति बहाल करने का प्रयास किया गया।