माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। जिले में रात दस बजे चली आंधी और बूंदाबांदी से बिजली गुल हो गई। सुरक्षा कारणों से आंधी शुरू होते ही कई फीडरों की बिजली आपूर्ति बंद करनी पड़ी लेकिन मौसम शांत होने के बाद जब सप्लाई दोबारा शुरू की गई तो जगह-जगह फॉल्ट निकलने लगे। टूटे तार, झुके बिजली पोल और ट्रिपिंग ने बिजली निगम की मुश्किलें बढ़ा दीं।
मॉडल टाउन, सेक्टर-6, सेक्टर-7, सेक्टर-13, सेक्टर-12, कुंजपुरा रोड, प्रेम नगर, रामनगर, दयाल सिंह कॉलोनी, न्यू चार चमन, जाटल रोड, बस स्टैंड क्षेत्र, कर्ण गेट, रेलवे रोड, शिव कॉलोनी, कालंदरी गेट, मंगलपुरा, डीसी कॉलोनी, राजीव पुरम, अर्जुन गेट और ओल्ड जीटी रोड समेत कई इलाकों में देर रात तक बिजली आपूर्ति सुचारू नहीं हो सकी। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में इंद्री, असंध, नीलोखेड़ी, घरौंडा, तरावड़ी, मुनक, फूसगढ़ और आसपास के गांवों में भी लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। बिजली निगम अधीक्षक अभियंता नसीब सिंह के अनुसार तेज हवाओं और बारिश के कारण कई जगह बिजली लाइनें क्षतिग्रस्त हुई हैं। फिलहाल नुकसान का पूरा आकलन नहीं हो पाया है और सुबह विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जाएगी।
मरम्मत में जुटी रही टीम
रात तक बिजली निगम की टीमें अलग-अलग इलाकों में मरम्मत कार्य में जुटी रहीं। कर्मचारी टूटे तार जोड़ने, फॉल्ट तलाशने और सप्लाई बहाल करने में लगातार लगे रहे। हालांकि रात तक भी 20 से अधिक क्षेत्रों में बिजली पूरी तरह बहाल नहीं हो सकी जिससे लोगों को गर्मी के बीच परेशानियों का सामना करना पड़ा।