भाई कन्हैया साहब चौक के पास बने पावर हाउस में लोगों की शिकायत पर सुनता कर्मचारी
- फोटो : Archive
यमुनानगर। बिजली निगम जिले के सभी पावर हाउसों में कर्मचारियों को जल्द ही सरकारी मोबाइल उपलब्ध करवाए जाएंगे। इस पहल से न केवल निगम के कर्मचारियों को सुविधा मिलेगी, बल्कि उपभोक्ताओं को भी बिजली संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए बेहतर संचार व्यवस्था मिल सकेगी। बिजली निगम के अधीक्षण अभियंता (एसई) मनिंद्र सिंह ने सभी एक्सईएन को अपने-अपने अधीन आने वाले पावर हाउसों में जल्द से जल्द नए मोबाइल उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए हैं। निगम की ओर से करीब 20 मोबाइल फोन खरीदने की तैयारी की जा रही है।
जानकारी के अनुसार बिजली निगम पहले ही जेई, एसडीओ और एक्सईएन स्तर के अधिकारियों को सीयूजी नंबर उपलब्ध करवा चुका है, लेकिन पावर हाउस स्तर पर अभी तक सरकारी मोबाइल की सुविधा नहीं है। पावर हाउस में केवल सिम कार्ड उपलब्ध कराए गए थे, जिन्हें कर्मचारी अपने निजी मोबाइल में इस्तेमाल करते थे। इस व्यवस्था के कारण कर्मचारियों को काफी असुविधा होती थी। शिफ्ट बदलने के दौरान एक कर्मचारी को अपने मोबाइल से सिम निकालकर दूसरे कर्मचारी को देना पड़ता था। इस दौरान कुछ समय के लिए मोबाइल बंद रहता था, जिससे उपभोक्ताओं को संपर्क करने में परेशानी होती थी। चूंकि पावर हाउस से ही फीडरों की लाइन बंद या चालू की जाती है और कई बार अघोषित कट भी लगते हैं, ऐसे में उपभोक्ता सीधे पावर हाउस पर संपर्क करके पूछते हैं कि बिजली आपूर्ति कब बहाल होगी। लेकिन मोबाइल बंद होने की स्थिति में उन्हें सही जानकारी नहीं मिल पाती थी। अब प्रत्येक पावर हाउस में स्थायी मोबाइल उपलब्ध होने से यह समस्या खत्म हो जाएगी। किसी भी समय उपभोक्ता सीधे संबंधित पावर हाउस से संपर्क कर सकेंगे और उन्हें समय पर जानकारी मिल सकेगी।
पावर हाउस में मोबाइल की सुविधा देना आवश्यक हो गया था। अभी तक केवल सिम कार्ड दिए गए थे, जिससे कर्मचारियों और उपभोक्ताओं दोनों को दिक्कत होती थी। सभी एक्सईएन को निर्देश दिए हैं कि वे जल्द से जल्द मोबाइल की व्यवस्था करें। करीब 20 मोबाइल खरीदे जाएंगे। इससे पावर हाउस स्तर पर संचार व्यवस्था मजबूत होगी।
- मनिंद्र सिंह, एसई, बिजली निगम।