माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। मार्च के महीने में तापमान बढ़ने के साथ ही जिले में बिजली की मांग लगातार बढ़ने लगी है। 28 फरवरी को इस सीजन की अब तक की सबसे अधिक बिजली मांग 611 मेगावाट दर्ज की गई, जो इस साल का अब तक का उच्चतम स्तर है। गर्मी बढ़ने के कारण कूलर, पंखे और एसी के उपयोग में बढ़ोतरी होने से बिजली की खपत में इजाफा हो रहा है।
बिजली निगम के अधिकारियों के अनुसार, अभी गर्मी की शुरुआत ही हुई है लेकिन इसके बावजूद बिजली की मांग तेजी से बढ़ रही है। आने वाले अप्रैल, मई और जून के महीनों में तापमान और बढ़ने के साथ बिजली की मांग में और अधिक वृद्धि होने की संभावना है। अधीक्षक अभियंता नसीब सिंह ने बताया कि पिछले वर्षों के आंकड़ों को देखते हुए इस बार गर्मी के चरम पर बिजली की मांग 1500 मेगावाट से भी अधिक पहुंचने का अनुमान है। ऐसे में विभाग ने अभी से तैयारियां शुरू कर दी हैं ताकि गर्मियों के दौरान उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके।
बिजली निगम के अनुसार फिलहाल जिले में बिजली आपूर्ति सामान्य बनी हुई है और मांग के अनुसार बिजली उपलब्ध कराई जा रही है। विभाग की ओर से फीडरों और ट्रांसफार्मरों की नियमित जांच की जा रही है, ताकि गर्मियों के दौरान किसी भी प्रकार की तकनीकी समस्या से बचा जा सके।