भारतीय डाक विभाग ने पासपोर्ट सेवा एवं स्पीड पोस्ट आदि सेवाओं को आज से बहाल कर दिया है। लेकिन अभी सेवा सिर्फ अमेरिका, आस्ट्रेलिया व कनाड़ा आदि उन देशों के लिए ही शुरू की गई है, जहां के लिए भारत सरकार ने फ्लाइट सेवा शुरू की है। जहां के लिए भारत से अभी फ्लाइट नहीं जा रही हैं, उन देशों के लिए पासपोर्ट पर फिलहाल प्रतिबंध रहेगा। हालांकि अभी यह तय नहीं हो पाया है कि यह सेवा प्रधान डाकघर में ही रहेगी या फिर उप डाकघरों में भी शुरू की जाएगी। इस पर मंथन लगातार चल रहा है, एक दो दिन में ही स्थिति स्पष्ट हो जाएग। फिलहाल करनाल व पानीपत के प्रधान डाकघरों में पासपोर्ट केंद्र शुरू कर दिया गया है। कोरोना संक्रमण के बाद लगे लॉकडाउन के दौरान भारत से एक ओर जहां विभिन्न देशों के लिए हवाई उड़ानों को बंद कर दिया गया था, उन देशों के लिए भारतीय डाक विभाग द्वारा पासपोर्ट सेवा, स्पीड पोस्ट, पार्सल सेवा आदि को भी बंद कर दिया गया था।
बता दें कि सीएम सिटी करनाल से बड़ी संख्या में लोग हर साल विदेश जाते हैं। यहां से पढ़ाई व नौकरी करने के लिए भी लोग जाते हैं। यही कारण है कि यहां के सैकड़ों परिवार विदेश में रहते हैं। बड़ी संख्या में लोग धनराशि का आदान-प्रदान भी करते हैं।
यह सेवाएं करीब 122 दिनों तक बंद रही थी। इस कारण विदेश जाने के इच्छुक लोग अपना पासपोर्ट बनवाने के लिए आवेदन नहीं कर सके थे। इसके अलावा पार्सल, स्पीड पोस्ट, रजिस्ट्री आदि की भी आवाजाही ठहर गई थी।
विदेश में रह रहे भाइयों की कलाइयों तक पहुंचेगी राखियां
बहुत लोग डाक विभाग की इन अंतर्राष्ट्रीय सेवाओं के जरिए विदेशों से सामान भेजते हैं, वहां से मंगाते भी हैं। पत्र व्यवहार भी किया जाता है। यहां तक कि बहुत सी बहनें अपने विदेशों में रह रहे भाइयों को राखियां भी भेजती हैं भाई अपनी बहनों के लिए गिफ्ट भेजते हैं। यह सब डाक विभाग के जरिये अब तक संभव नहीं हो पा रहा था।
आज से प्रक्रिया शुरू
सहायक प्रवर डाक अधीक्षक राकेश कुमार ने बताया कि भारतीय डाक विभाग ने आज से करनाल में पासपोर्ट सेवा केंद्र को फिर से शुरू कर दिया है। जिससे पासपोर्ट बनवाने की प्रक्रिया बहाल हो गई है। इसके साथ ही लोग अपना नया पासपोर्ट बनवाने व नवीनीकरण कराने के लिए आवेदन कर सकते हैं, अगली प्रक्रिया के लिए तिथि प्राप्त कर सकते हैं। लेकिन अभी यह सिर्फ उन्हीं देशों के लिए शुरू की गई हैं, जहां के लिए भारत सरकार ने उड़ाने शुरू कर दी है। इसमें अमेरिका, कनाडा, आस्ट्रेलिया आदि शामिल है। जहां के लिए देश से उड़ाने अभी बंद है, ऐसे सभी देशों के लिए फिलहाल पासपोर्ट सेवा भी प्रतिबंधित रहेगी। इसके साथ-साथ डाक विभाग की अंतर्राष्ट्रीय स्पीड पोस्ट, रजिस्ट्री, पार्सल आदि सेवाओं को भी आज से शुरू कर दिया गया है। ताकि लोग विदेशों में रह रहे अपनों के लिए पत्र व्यवहार कर सकेंगे, सामान, गिफ्ट आदि कोई भी सामान भेज सकेंगे। अभी यह सेवा प्रधान डाकघर करनाल व पानीपत में ही शुरू की गई है। अभी इस बात पर मंथन चल रहा है कि पासपोर्ट सेवा को उप डाकघरों में शुरू किया जाए या नहीं ?