संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। पश्चिमी यमुना नहर किनारे संदिग्ध परिस्थितियों में गुरुनानकपुरा निवासी पीओपी कारीगर उदय (31) ने पेड़ से फंदा लगाकर जान दे दी। वह दो दिन से घर से लापता थे। शनिवार को रामनगर थाना पुलिस ने गुमशुदगी की प्राथमिकी भी दर्ज की थी। परिजन ने उनकी हत्या करके पेड़ से शव लटकाए जाने का आरोप लगाया है। पुलिस सोमवार को शव का पोस्टमार्टम करवाएगी।
रविवार को पश्चिमी नहर किनारे पशु चराने वालों ने पेड़ से लटका हुआ शव देखा तो डायल 112 को सूचना दी। रामनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने उदय के परिजन को बुलाया तो उन्होंने शव उदय का होने की शिनाख्त की। फिलहाल ये पता नहीं लग पाया है कि उन्होंने आत्महत्या क्यों की है। हालांकि परिजन का आरोप है कि उदय ने खुद फंदा नहीं लगाया है। किसी ने हत्या करके उनके शव को पेड़ से लटकाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए शवगृह में रखवा दिया है। रामनगर थाना प्रभारी महावीर ने बताया कि नहर के किनारे 31 वर्षीय उदय की फंदा लगाने की सूचना मिली थी। मौके पर जाकर शव को कब्जे में लेकर शवगृह पहुंचाया है। पोस्टमार्टम के बाद की मौत के कारणों का पता लग पाएगा।