माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। हरियाणा वेलफेयर सोसायटी फॉर परसंस स्पीच एंड हीयरिंग इंपेयरमेंट (एचडब्ल्यूएसपीएसएचआई) की उपाध्यक्ष मेघा भंडारी के समय से पहले पदमुक्त होने पर राजनीति गरमा गई है। इस पर कांग्रेस और भाजपा के नेता आमने-सामने हो गए हैं। पिछले दिनों राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष ने आदेश पत्र जारी करके उनकी जगह कृष्ण कुमार चौपड़ा को जिम्मेदारी दी है। मेघा का कार्यकाल 14 अगस्त तक था।
शनिवार को कांग्रेस के शहरी जिलाध्यक्ष पराग गाबा, युवा प्रधान रजत लाठर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करके मेघा पर कार्यकाल में भर्तियों में अनियमितता, फंड का दुरुपयोग करने के आरोप लगाते हुए सवाल उठाए। मेघा भंडारी व सीएम से स्पष्टीकरण मांगा। इसके बाद मेघा भंडारी ने पत्रकारों से बातचीत में आरोपों को निराधार बताया और कहा कि इस्तीफा नहीं दिया बल्कि वह पद से रिलीव हुई हैं।
इसके साथ ही करनाल विधायक जगमोहन आनंद और मेयर रेणु बाला गुप्ता ने भी कांग्रेस के खिलाफ मोर्चा खोल दिया और उन्होंने कांग्रेस नेताओं पर गलत राजनीति के आरोप लगाए। विधायक ने कांग्रेस नेताओं पर मानहानि का केस कराने की चेतावनी दी तो शाम को कांग्रेस नेताओं ने दोबारा प्रेस कॉन्फ्रेंस करके दस्तावेज प्रस्तुत किए। ऐसे में दिनभर शहर की राजनीति में माहौल गरम रहा।