बिजली निगम द्वारा एसडीओ की भर्ती रद्द करने को लेकर जेजेपी नेता दुष्यंत चौटाला द्वारा अपनी जीत बताने पर सीएम मनोहर लाल ने पलटवार किया है। सीएम ने कहा कि निगम द्वारा एसडीओ की भर्ती नहीं की गई थी, बल्कि नौकरी के लिए केवल फार्म अप्लाई किए थे। अभी केवल विश्लेषण किया जा रहा था। इसके बाद ही भर्ती होनी थी। विपक्ष इसे जानबूझ कर इश्यू बना रहा है। रिजर्व पोस्ट 40 हैं, वे सभी हरियाणा के युवाओं को ही मिली हैं। ये मामला अनरिजर्वड पोस्ट का है।
करनाल के एक होटल में बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने बताया कि हमने पहली बार यह प्रयोग किया है। उन्होंने कहा कि चेन्नई का विश्वविद्यालय गेट का पेपर कराता है, इसमें हजारों लोग पास होते हैं। ये टेस्ट हायर एजुकेशन के लिए ही होता है, हमने ही एक प्रयोग किया था। उसी परिणाम के तहत उन युवाओं को आफर था जो सरकारी नौकरी में आना चाहते हैं आ सकते हैं। ऐसा पिछली बार भी किया गया था, जिसमें काफी संख्या में हरियाणा के युवा शामिल रहे थे। इस बार या तो हरियाणा के युवाओं के अंक कम थे या फिर उन्होंने नौकरी के लिए अप्लाई नहीं किया। ऐसे में दोबारा से इन पदों का प्रचार किया जाएगा, ताकि ज्यादा से ज्यादा प्रदेश के युवा इसमें शामिल हो सकें। साथ ही दोबारा से इन पदों के लिए टेस्ट लिया जाएगा। सीएम ने यह भी कहा कि ये टेस्ट न तो एचपीएचसी का था और न ही स्टाफ सिलेक्शन का, इसलिए ये भर्ती नहीं रोकी गई है, बल्कि आई हुई अप्लीकेशन को रद्द किया गया है। सीएम ने दावा किया कि वे नौकरियों से हरियाणा के लोगों को दूर नहीं कर सकते, लेकिन सारा कार्य संविधान के तहत होगा, उसी के तहत प्रदेश के युवाओं को नौकरी मिलेगी। क्योंकि देश के संविधान के तहत आप नौकरी के अप्लाई करने पर आप किसी को रोक नहीं सकते हैं।
किलोई में कांग्रेस, उचाना में जेजेपी और ऐलनाबाद में इनेलो से हमारा मुकाबला
एक सवाल के जवाब में सीएम ने कहा कि भाजपा का मुकाबला प्रदेश में अलग-अलग सीटों पर अलग-अलग पार्टियों से है। सीएम मनोहर लाल ने कहा कि किलोई में हमारा मुकाबला कांग्रेस से है, जबकि उचाना में जेजेपी और ऐलनाबाद में इनेलो के साथ मुकाबला है। कांग्रेस नेता व पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा के बीजेपी के साथ मिलीभगत करके कमजोर लोगों को टिकट देने के सवाल पर सीएम ने कहा कि इसका जवाब अशोक तंवर या फिर हुड्डा ही दे सकते हैं।
वहीं, सीएम ने दावा किया कि पहले हमने 75 सीटों का टारगेट रखा था, लेकिन मिलते जनसमर्थन के कारण 75 पार कहना पड़ा, अब जनता तय करेगी कि सीटें कितनी मिलती हैं। हमारी तरफ से 90 सीटों पर स्टार प्रचारकों को भेजा जाएगा और लोगों से वोट की अपील की जाएगी। पीएम समेत अन्य स्टार प्रचारकों की फौज के सवाल पर मनोहर लाल ने कहा कि बेशक प्रदेश में पार्टी मजबूत है, लेकिन चुनाव को चुनाव के तरीके से लड़ा जाता है और इसलिए ये एक उत्सव है, इसमें सभी को लोग सुनना भी चाहते हैं और देखना भी।