करनाल। लॉरेंस बिश्नोई और जग्गू भगवानपुरिया समेत पूरे गैंग को खत्म करने की साजिश रचने वाले दलेर कोटिया को पकड़ने के लिए करनाल पुलिस अब अमेरिका से मदद ले रही है। अमेरिका में बैठे असंध निवासी बदमाश दलेर कोटिया को पकड़ने के लिए पुलिस ने केंद्र सरकार की मदद से अमेरिका की एक कोर्ट में अर्जी दायर की है। साथ ही वहां इंडियन एंबेसी व खुफिया एजेंसी से भी मदद मांगी है। दलेर कोटिया अमेरिका में बैठकर अपना गैंग संचालित कर रहा है, जिसे करनाल पुलिस खत्म करने के प्रयास में जुटी है।
अंसध निवासी गैंगस्टर दलेर कोटिया के पिता किसान थे। बताया जाता है कि उन्होंने दलेर को गुजर-बसर के लिए मेडिकल स्टोर खुलवाकर दिया था। बाद में पिता का निधन हो गया। पिता की मौत के बाद कुछ लोग उनकी जमीन हड़पने की कोशिश करने लगे। जिसको लेकर दलेर का कुछ लोगों से झगड़ा हो गया। उसके खिलाफ आपराधिक मामले भी दर्ज हुए। बाद में दलेर पर एक एसएचओ की पिटाई करने का आरोप लगा था। उसने अपने एक दोस्त की पगड़ी उतरवाने पर पुलिस वाले की पिटाई भी की थी। उस मामले में दलेर को जेल जाना पड़ा। जब आरोपी के खिलाफ केस बढ़ते गए तो पिता द्वारा खुलवाया गया मेडिकल स्टोर भी बंद हो गया।
शराब के धंधे से शुरू हुआ गैंगवार
शराब के धंधे को लेकर दो गुटों में झगड़ा हो गया था। इसमें एक व्यक्ति की जान चली गई थी। इस मामले में दलेर कोटिया के खिलाफ हत्या का यह पहला केस दर्ज किया गया था। इसके बाद उत्तर प्रदेश, हरियाणा और हिमाचल में तीन और हत्याओं के मामले में दलेर कोटिया का नाम आने लगा। नाम आने के बाद दलेर जरायम के दलदल में फंसता चला गया। उसका परिवार से भी नाता टूट गया। दिलेर की उसके ही रिश्तेदार ने शेरा खुब्बन गैंग के विक्की गोंदर से मुलाकात करा दी, जो कि पंजाब का गैंगस्टर था। विक्की गोंदर डिस्कस थ्रो का खिलाड़ी भी रहा है। उससे मिलने के बाद दलेर कोटिया शेरा खुब्बन गैंग का हिस्सा बन गया।
विक्की ने दलेर संग मिलकर की थी गैंगस्टर सुक्खा की हत्या
पुलिस कस्टडी में विक्की गोंदर ने दलेर के साथ मिलकर गैंगस्टर सुक्खा कहलवां की हत्या कर दी थी। दोनों में काफी समय से गैंगवार चल रही थी। बताते हैं कि 2010 में सुक्खा कहलवां ने विक्की गोंदर के दोस्त लवली बाबा की हत्या की थी और विक्की गोंदर ने सुक्खा कहलवां को मारकर अपने दोस्त की मौत का बदला लिया था। 26 जनवरी 2018 को विक्की गोंदर अपने दो साथियों प्रेमा लाहोरिया और सुखप्रीत के साथ मुठभेड़ में मारा गया था।
लॉरेंस और जग्गू भगवानपुरिया की हत्या करना चाहता है दलेर
विक्की गोंदर के एनकाउंटर के बाद गैंगवार का सिलसिला बंद नहीं हुआ। विक्की के सहयोगी गैंगस्टर रणदीप सिंह उर्फ राणा कंधेवालिया की हत्या कर दी गई। जिसकी जिम्मेदारी विरोधी गैंग के जसदीप सिंह उर्फ भगवान पुरिया ने ली थी, जो कि अब लॉरेंस बिश्नोई गैंग का मुख्य गुर्गा है। इसके बाद दलेर कोटिया अपने विरोधी गैंग के कुख्यात गैंगस्टर जग्गू भगवान पुरिया और लॉरेंस बिश्नोई को अपना दुश्मन मानता है। दलेर इन दोनों की हत्या करने का प्रयास कर चुका है मगर सफल नहीं हुआ। दलेर कोटिया फिलहाल अमेरिका में रहकर विरोधी गैंग को खत्म करने की योजना बना रहा है।
वर्जन
गैंगवार को खत्म करने के हर तरह से प्रयास किए जा रहे हैं। अमेरिका में बैठे दलेर कोटिया की गिरफ्तारी के लिए एंबेसी की मदद ली जा रही है। साथ ही अमेरिका की एक कोर्ट में अर्जी भी दायर की गई है, ताकि कुख्यात बदमाशों को गिरफ्तार किया जा सके।
- शशांक कुमार सावन, एसपी करनाल
संवाद