करनाल। निगदू थाना क्षेत्र के गांव सांभली में जान से मारने की धमकी की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम से दो युवकों ने मारपीट कर दी। एसपीओ की वर्दी फाड़ दी। एसपीओ की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज की गई है।
ईआरवी-426 के इंचार्ज एसपीओ राकेश की शिकायत में बताया गया है कि 20 अगस्त की रात 11:46 बजे महिला ने फोन पर जान से मारने की धमकी मिलने की बात कही थी। महिला के अनुसार, सुबह उसके पति से मारपीट हुई थी। बच्चों को स्कूल ले जाते समय भी धमकी दी गई। सूचना पर पुलिस टीम गांव सांभली पहुंची लेकिन मौके पर कोई व्यक्ति नहीं मिला। महिला को लिखित शिकायत देने के लिए कहा गया। उसने सुबह पुलिस चौकी सीतामाई में शिकायत देने की बात कही।
एसपीओ के अनुसार, 21 अगस्त की रात 12:36 बजे फिर फोन कर मदद मांगी गई। महिला ने कहा कि उसके पति संजय को जान का खतरा है। दो युवक धमकी दे रहे हैं। पुलिस टीम फिर गांव सांभली पहुंची। पुलिस ने बाइक सवार दोनों युवकों को रुकवाकर उनके नाम पूछे। उन्होंने अपने नाम सांभली निवासी सौरव और अक्षय बताए। बाइक अक्षय चला रहा था। इसी दौरान ड्यूटी अफसर एएसआई करनैल सिंह भी मौके पर पहुंच गए।
इसी बीच अक्षय ने मोटरसाइकिल खड़ी की और हाथ में पहने कड़े से एसपीओ राकेश कुमार के सिर करने की कोशिश की। राकेश ने बचाव के लिए दाहिना हाथ आगे किया। कड़ा हाथ पर लगा। आरोप है कि दोनों युवकों ने पुलिसकर्मियों से मारपीट की। एसपीओ की वर्दी भी फाड़ दी। पुलिस टीम ने एक युवक को मौके पर पकड़ लिया, जबकि दूसरा वहां से भाग गया। घायल एसपीओ का मेडिकल कराया गया।
थाना प्रभारी सतीश ने बताया कि शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।