करनाल के सिविल लाइन क्षेत्र में कर्ण कनाल के पास एक कैफे पर पुलिस ने छापा मारा। आपत्तिजनक हालत में मिले युवक-युवतियों में से चार को हिरासत में लिया गया। पुलिस ने शिकायत के बाद यह कार्रवाई की।
करनाल के सिविल लाइन क्षेत्र में कर्ण कनाल के पास एक कैफे पर मंगलवार को सिविल लाइन थाना पुलिस ने छापा मारा। छापेमारी के दौरान छोटे-छोटे कैबिनों में कई युवक और युवतियां आपत्तिजनक हालत में पाए गए। पुलिस ने दो युवकों और दो युवतियों को हिरासत में लिया है।
विज्ञापन
लगातार शिकायतों के बाद की कार्रवाई
सिविल लाइन थाना प्रभारी रामलाल ने बताया कि पिछले कुछ समय से स्थानीय लोगों से शिकायतें मिल रही थीं कि क्षेत्र के कुछ कैफे और स्पा सेंटर्स में अवैध गतिविधियां चल रही हैं। शिकायतों में आरोप था कि कैफे में छोटे-छोटे कैबिन घंटे के हिसाब से किराए पर दिए जाते हैं, जहां आपत्तिजनक गतिविधियां होती हैं। जांच में पुष्टि हुई कि कैफे में कैबिन 200 रुपये प्रति घंटे की दर से किराए पर दिए जा रहे थे।
आपत्तिजनक अवस्था में मिले युवक-युवतियां
छापे के दौरान पुलिस को कई कैबिनों में युवक और युवतियां आपत्तिजनक अवस्था में मिले। कार्रवाई की खबर फैलते ही आसपास के अन्य कैफे और स्पा सेंटर्स ने अपने प्रतिष्ठान बंद कर दिए। थाना प्रभारी ने बताया कि हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ की जा रही है।
विज्ञापन
पुलिस अब कैफे और स्पा सेंटर्स के मालिकों की संलिप्तता की जांच कर रही है। थाना प्रभारी रामलाल ने स्पष्ट किया कि सिविल लाइन क्षेत्र में किसी भी संदिग्ध या अवैध गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस ने अन्य प्रतिष्ठानों को भी चेतावनी दी है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।