संवाद न्यूज एजेंसी
मधुबन। एक सिपाही ने मधुबन काॅम्प्लेक्स की बैरक में संदिग्ध हालात में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। जांच में सामने आया है कि सिपाही ऑनलाइन गेम में करीब 17-18 लाख रुपये हार गया था। इसके बाद वह कई दिनों से मानसिक तनाव में चल रहा था, इसी के चलते उसने आत्महत्या कर ली। सिपाही की आत्महत्या का पता तब चला, जब वह शाम की गिनती में शामिल नहीं हुआ। उसकी तलाश की गई तो उसका शव बैरक में फंदे से लटका मिला। इसके बाद पुलिस एवं एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची और शव को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कॉलेज पहुंचाया।
पुलिस के मुताबिक कुरुक्षेत्र के गांव बराना का रहने वाला राजेंद्र सिंह बटालियन चार में सिपाही के पद पर तैनात था। बुधवार शाम चार बजे की गिनती के दौरान सभी साथी सिपाही चले गए, लेकिन वह नहीं पहुंचा। इसके बाद साथी सिपाही उसकी बैरक में पहुंचे तो राजेंद्र पंखे के साथ बंधी रस्सी से फंदे पर लटका मिला। इस पर उसके साथी अधिकारियाें के पास पहुंचे और मामले की सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच शव को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए करनाल भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी।
सिपाही राजेंद्र मानसिक तौर से परेशान चल रहा था। जिसके चलते उसने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए करनाल के कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कॉलेज के शव गृह में रखवा दिया गया है। वीरवार को राजेंद्र के शव का पोस्टमार्टम किया जाएगा, जिसके बाद परिजनों को सौंपा जाएगा।
तरसेम सिंह, थाना प्रभारी, मधुबन