करनाल। शामली के झिंझाना क्षेत्र में एसटीएफ की मुठभेड़ में मारे गए बदमाशों के नेटवर्क पर अब पुलिस की नजर है। पुलिस इन बदमाशों के गैंग की चेन को तोड़ने के लिए इनसे जुड़े लोगों का पता लगा रही है। इस मामले में जहां यूपी पुलिस जांच कर रही है, वहीं अंदरखाने जिला पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
पुलिस की एसटीएफ सहित अन्य टीमें जिले के दोनों बदमाश घरौंडा के पीर बडोली निवासी मनवीर और मधुबन की अशोक विहार कॉलोनी निवासी सतीश का रिकॉर्ड खंगालने में जुट गई हैं, हालांकि इन दोनों बदमाशों की एसटीएफ मुठभेड़ में मौत हो चुकी है, लेकिन पुलिस अब यह देख रही है कि इन दोनों से किन-किन लोगों के संपर्क थे।
कौन-कौन इन दोनों बदमाशों के साथ रहता था। इनसे अलग और कितने अपराधी मुस्तफा उर्फ कग्गा व मुकीम काला गैंग से जुड़े हुए हैं। एक तरफ यूपी पुलिस ने अपनी जांच का दायरा बढ़ा लिया है, वहीं जिला पुलिस भी यूपी पुलिस से संपर्क कर मुस्तफा उर्फ कग्गा व मुकीम काला गैंग के बारे में जानकारी जुटा रही है ताकि इस गैंग को दोबारा सक्रिय न होने दें।
जेल से भी ली जाएगी जानकारी ः पुलिस सतीश और मनवीर के दोस्तों से लेकर जिला जेल से भी जानकारी जुटाएगी, ताकि पता चल सके कि जेल में इन दोनों बदमाशों के संपर्क में और कितने लोग थे। इन दोनों बदमाशों से मोबाइल पर किन-किन लोगों से बात होती थी। किन लोगों के साथ इनका ज्यादा मिलना जुलना था। इतना ही नहीं पुलिस यह भी जानकारी जुटा रही है कि इन दोनों बदमाशों ने अपना अलग से नेटवर्क तो नहीं बनाया था।
दोनों बदमाशों के साथ पकड़े गए अपराधियों तक भी पहुंचेगी पुलिस ः पुलिस यह भी जानकारी जुटा रही है कि अपराध के दौरान बदमाश सतीश और मनवीर के साथ कौन-कौन व्यक्ति शामिल थे।
इन दोनों बदमाशों के साथ कितने अपराधी पकड़े गए थे। उन पर भी पुलिस अब नजर बनाएगी। जिला पुलिस ने पूरी प्लानिंग कर ली है। पुलिस की अलग-अलग टीमें इस कार्य में जुट गई हैं। संवाद