कुरुक्षेत्र। त्योहारों के मद्देनजर जिला पुलिस ने जिले में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने व असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए व्यापक प्रबंध किए हैं। सभी थाना प्रभारियों और पुलिस चौकी प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने, जुआ खेलने और अवैध शराब की बिक्री व सप्लाई के विरुद्ध विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं।
पुलिस अधीक्षक चंद्र मोहन ने कहा कि त्योहारों के दौरान आमजन की सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है। सभी अधिकारी और कर्मचारी पूरी सतर्कता, जिम्मेदारी और मुस्तैदी से ड्यूटी करें, ताकि नागरिक शांतिपूर्ण माहौल में त्योहार मना सकें। किसी भी प्रकार की लापरवाही को गंभीरता से लिया जाएगा और संबंधित अधिकारी की जवाबदेही तय की जाएगी।
एसपी ने दिए सख्त निगरानी के निर्देश
पुलिस अधीक्षक ने निर्देश दिए हैं कि त्योहारों की आड़ में कानून व्यवस्था बिगाड़ने, जुआ खेलने तथा अवैध रूप से शराब बेचने और पिलाने जैसी गतिविधियों में संलिप्त लोगों पर कड़ी नजर रखी जाए। पुलिस की टीमें अपने-अपने क्षेत्रों में जुआ खेलने के संभावित ठिकानों, ढाबों, खाली प्लॉटों और संदिग्ध शराब विक्रेताओं की नियमित जांच करेंगी। इसके साथ ही बीट स्टाफ और मुखबिर तंत्र को सक्रिय रखकर ऐसी गतिविधियों की सूचनाएं जुटाई जाएंगी।