संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। सदर बाजार चौकी के एरिया में घर में रखे अवैध पटाखों में आग लगने के मामले में आरोपी साहिल वासी मकान नंबर 657/7 ऑपोजिट गोपाल मंदिर सदर बाजार करनाल को आठ अक्तूबर को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी को रविवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा।
आरोपी से पूछताछ में जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी हर साल दिवाली के त्योहार पर डीसी से पटाखे बेचने का लाइसेंस लेकर प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराई गई जगह पर पटाखे बेचने की स्टॉल लगाता है। इस साल भी दिवाली पर आरोपी डीसी से पटाखे बेचने का लाइसेंस लेकर स्टॉल लगाने वाला था लेकिन आरोपी ने अभी तक भी इसका लाइसेंस नहीं लिया था। आरोपी ने बताया कि वह करीब 10 दिन पहले उत्तर प्रदेश के शामली जिला से एक फैक्टरी में से अलग-अलग किस्म के 20 पेटी बम पटाखे सस्ते रेट पर खरीद कर लाया था और सारे पटाखे आरोपी ने अपने मकान में ही रख दिए थे। आरोपी ने बताया कि सात अक्तूबर की सुबह के समय अचानक शार्ट सर्किट के कारण उसके कमरे में आग लग गई और यह आग सारे पटाखों में फैल गई। जिसके कारण घर का सारा सामान भी जल गया। जिसके बाद वह डर के कारण मौका से फरार हो गया था।