- इस साल के उच्चतम स्तर पर पहुंचा जिले का एक्यूआई, सांस लेने में हो रही परेशानी
संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। जिले की आबोहवा दिन-प्रतिदिन जहरीली होती जा रही है। ऐसे में लोगों का सांस लेना मुश्किल हो गया है। वीरवार को जिले का एक्यूआई का स्तर वर्ष 2023 के सबसे उच्च स्तर 359 पर पहुंच गया। वातावरण में बढ़ते प्रदूषण के कारण नागरिक अस्पताल के मनाेरोग विशेषज्ञ की ओपीडी में घबराहट, बेचैनी व नींद न आने की समस्या से पीड़ित मरीज रोजाना पहुंच रहे हैं।
नागरिक अस्पताल के मनोरोग विशेषज्ञ डॉ. मनन गुप्ता ने बताया कि उनकी ओपीडी में रोजाना आ रहे 100 मरीजों में से 25 केस प्रदूषण से प्रभावित मरीजों के आ रहे हैं। बढ़ते प्रदूषण के कारण लोगों में डर का माहौल पैदा हो रहा है। जो लोग रोजाना सुबह-शाम सैर करने के लिए जाते थे। उन्होंने बढ़ते प्रदूषण के कारण सैर करना छोड़ दिया है। वहीं, जिन लोगों को कभी भी किसी भी तरह का मानसिक रोग हुआ था। उन्हें सबसे अधिक परेशानी झेलनी पड़ रही है। अस्थमा से पीड़ित लोग जो इंहेलर का प्रयोग कर रहे थे उसने भी काम करना बंद कर दिया है। आयुष विभाग से योग सहायक रीटा शर्मा ने बताया कि ऐसे लोग घर पर रहकर योग करके अपना स्वास्थ्य बेहतर कर सकते हैं। योग में प्राणायाम व कपाल भाति सबसे बेहतर है।
वर्ष 2023 का माह अनुसार एक्यूआई
जनवरी में 226, फरवरी में 172, मार्च में 97, अप्रैल में 158, मई में 258, जून में 134, जुलाई में 108, अगस्त में 100, सितंबर में 107, अक्तूबर में 314 और नवंबर में 359।