करनाल। कर्ण स्टेडियम में जिला तैराकी संघ की ओर से सोमवार से तैराकी प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इस बार जिला स्तरीय प्रतियोगिता विभिन्न आयु वर्गों के पांच समूहों में आयोजित होगी। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों का प्रवेश प्रात: आठ से साढ़े आठ बजे तक होगा।
जिला स्तरीय प्रतियोगिता के दौरान फ्री स्टाइल, बैक स्ट्रोक, ब्रेस्ट स्ट्रोक, बटर फ्लाई, रिले, मैडले और मिक्स रिले के मुकाबले होंगे। इस बार एक तैराक केवल पांच प्रतियोगिताओं में ही भाग ले सकता है। प्रतियोगिता के लिए प्रवेश मौके पर ही निर्धारित शुल्क लेकर की जाएगी। सभी खिलाड़ी अपने साथ आधार, जन्म प्रमाणपत्र व एक फोटो अवश्य लेकर आएं। विजेता खिलाड़ियों को जिला तैराकी संघ की ओर से प्रमाणपत्र दिए जाएंगे।
इन आयु वर्गाें के होंगे मुकाबले
- वरिष्ठ आयु वर्ग (पुरुष व महिला)- कोई आयु सीमा नहीं
- समूह एक में कनिष्ठ मुकाबले में 15 से 17 वर्ष तक के खिलाड़ी भाग ले सकेंगे।
- समूह दो के कनिष्ठ मुकाबले में 12 से 14 वर्ष तक के खिलाड़ी भाग ले सकेंगे।
- समूह तीन में 10 से 11 वर्ष के सब जूनियर खिलाड़ी भाग ले सकेंगे।
- समूह चार में 08 से 09 वर्ष के सब जूनियर खिलाड़ी भाग ले सकेंगे।
- समूह पांच में 06 से 07 वर्ष के सब जूनियर खिलाड़ी भाग ले सकेंगे।
प्रथम व द्वितीय विजेता राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में लेंगे भाग
जिला स्तर पर जो खिलाड़ी प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करेंगे। वह राज्य स्तरीय तैराकी प्रतियोगिता में भाग ले सकेंगे। चयनित टीम 41वीं सब जूनियर पांचवीं जूनियर और 59वीं सीनियर राज्य तैराकी प्रतियोगिता में भाग लेगी। जिसके लिए भाग लेने वाले खिलाड़ी को हरियाणा तैराकी संघ की वेबसाइट (www.hsa.org.in) पर जाकर निर्धारित शुल्क जमा करवाने के बाद यूआईडी प्राप्त करनी होगी।