- करनाल में चल रहे जेल विभाग के पेट्रोल पंप पर व्यवस्था का निरीक्षण करने पहुंचे मोहम्मद अकील
संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। प्रदेश के छह जिलों में जेल विभाग की ओर से संचालित पेट्रोल पंपों के सकारात्मक परिणाम सामने आने के बाद इसी माह फरीदाबाद और नूंह में पेट्रोल पंप शुरू किए जाएंगे। इसके बाद जींद और सिरसा में भी पेट्रोल पंप की शुरूआत होगी। इसके अलावा नारनौल और नूंह में पंप खोलने के लिए जेल विभाग ने प्रक्रिया शुरू की है। यह पंप पूरी तरह से कैदियों की ओर से संचालित किए जाएंगे।
यह बात डीजीपी जेल मोहम्मद अकील ने रविवार को जेल विभाग की ओर से संचालित पेट्रोल पंप का निरीक्षण करने के दौरान कही। उन्होंने पंप पर दी जाने वाली सुविधाओं का जायजा लिया और कैदियों से बातचीत की। जेल में बार-बार मोबाइल और नशा मिलने के सवाल पर डीजीपी ने कहा कि इसके लिए जेलों में नए उपकरण नॉन लिनियर जंक्शन डिटेक्टर (एनएलजेडी) लगाए हैं, अगर कोई बॉडी के अंदर निगलकर कोई मैटल या कोई छोटा फोन आदि लेकर जाएगा तो उसे स्कैन करेगा। इसके अलावा जमीन आदि में रखा पुराना मोबाइल या अन्य वस्तु को ढूंढ़ने के लिए जेलों में डीप सर्च मैटल डिटेक्टर लगाए हैं।
डीजीपी अकील ने कहा कि किसी भी शरारत आदि को रोकने के लिए जहां जिस तरह के कैदी हैं वहां पर जैमर, वी कवच लेने की प्रक्रिया शुरू की है। इसके अलावा कई जेलों में टावर हारमोनियस कॉल ब्लॉकिंग और फुल बॉडी बैगेज स्केनर भी लगना शुरू हो चुका है। इसके बाद जेल में किसी प्रकार की गतिविधि नहीं हो पाएगी। वहीं किसी मामले में अगर जेल विभाग के अधिकारी या कर्मचारी की संलिप्तता मिलेगी तो नौकरी से बर्खास्त करके केस दर्ज करवा जेल में डाला जाएगा।