माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। रसोई गैस की किल्लत के बीच शुक्रवार को शहर के हांसी रोड स्थित भगवाड़िया गैस एजेंसी पर शुक्रवार को करीब 8 घंटे तक कतार में लगे रहने के बाद भी 400 से अधिक लोगों को गैस सिलिंडर नहीं मिला। दोपहर बाद लोगों को सूचना दी गई कि गैस की गाड़ी नहीं पहुंचेगी। गुस्साए लोगों ने एजेंसी के बाहर हंगामा किया।
पिछले दो दिन की तरह सुबह से ही बड़ी संख्या में उपभोक्ता गैस एजेंसी के गोदाम के बाहर सिलिंडर लेने के लिए पहुंचने लगे थे। लोगों को उम्मीद थी कि गैस की गाड़ी सुबह पहुंच जाएगी और उन्हें समय पर सिलिंडर मिल जाएगा। दोपहर तक भी जब गैस की सप्लाई नहीं पहुंची तो लोगों में नाराजगी बढ़ने लगी। दोपहर 3 बजे के बाद एजेंसी की ओर से सूचना दी गई कि गैस की गाड़ी नहीं आ पाएगी।
यह सुनते ही वहां मौजूद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने एजेंसी संचालक के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। कुछ लोग एजेंसी संचालक के कार्यालय तक पहुंच गए, जबकि कई उपभोक्ता उसके घर तक भी शिकायत लेकर पहुंच गए। ऐसे ही कुछ हालात डेरा कार सेवा के पास सन गैस एजेंसी पर भी देखने को मिले। अधिकारियों ने भी गैस एजेंसी और गोदामों का निरीक्षण किया।
मंगवाएंगे अतिरिक्त गाड़ी-
जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक मुकेश कुमार ने कहा कि जिले में गैस की किल्लत नहीं है। आपूर्ति भी सुचारू है। लोग घबराएं नहीं। बुकिंग करवाने के बाद ही सिलिंडर लेने जाएं। 25 दिन के बाद ही बुकिंग होगी। जिन गैस एजेंसिंयों पर गैस की गाड़ी नहीं आ पाई उनके लिए अतिरिक्त एक एक गाड़ियां मंगवाई जाएंगी। इसे लेकर गैस एजेंसी से लेकर कंपनियों को भी आदेश दिए गए हैं। जिले के लोगों को परेशान नहीं होने दिया जाएगा।