माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। पुराने बस अड्डे का पिछला गेट मरम्मत कार्य के लिए बंद कर दिया गया है। ऐसे में कैथल, काछवा व असंध की तरफ से आने वाली बसों को बस अड्डे के अगले द्वार से ही प्रवेश दिया गया। इस कारण बसों के एंट्री और एग्जिट एक ही जगह से होने के कारण बस अड्डा रोड पर वाहनों का दबाव बढ़ गया। इससे न केवल बस अड्डा मार्ग बल्कि इससे जुड़े तीन अन्य सड़क मार्गों पर जाम की स्थिति पूरे दिन बनीं रही।
ऐसे में लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। महज पांच मिनट का रास्ता तय करने में लोगों को आधा घंटा तक इंतजार करना पड़ा। इसके अलावा कई लोगों ने तो ई-रिक्शा, ऑटो व बस अड्डा में आने वाली बसों से उतरकर मजबूरन पैदल सफर तय किया। मरम्मत कार्य के कारण आज भी पिछला गेट बंद रहा सकता है।
रोडवेज की ओर से भी अड्डे से रूट पर जाने वाली करीब 70 बसों का मार्ग भी बदला गया है। ऐसे में पिछले गेट की बजाय ये बसें मुख्य द्वार से ही प्रवेश व एग्जिट कर रही हैं। आंबेडकर चौक से लेकर पुराने बस स्टैंड तक वाहन रेंग रेंग कर चलते रहे। जाम के दौरान बस यात्री अपना सामान और छोटे बच्चों को गोद में उठाकर पैदल बस स्टैंड पहुंचे। वहीं पुराने बस स्टैंड से भगवान वाल्मीकि चौक तक भी यही स्थिति रही।
इंतजार के बाद बस से उतरे ः कुरुक्षेत्र से आए नवीन, नीलोखेड़ी के अंकुर, आंचल व तरावड़ी बबीता ने बताया कि करीब 20 मिनट तक उनकी बस जाम में फंसी रही, उन्हें पुराना बस अड्डा के सामने की कॉलोनी में जाना था। वे आंबेडकर चौक के पास से ही बस से उतर गए और पैदल आगे तक आए।