संवाद न्यूज एजेंसी
निसिंग। पुरानी अनाज मंडी में बुधवार शाम पुलिस और कुछ युवकों के बीच विवाद होने का मामला सामने आया है। युवकों का आरोप है कि पुलिस राइडर पर तैनात दो कर्मचारियों ने जबरन उनकी कार में बैठकर फिल्मी अंदाज में गाड़ी घुमाई, जिससे एक का पैर टायर के नीचे आ गया और उनके पैर की हड्डी टूट गई। वहीं पुलिस का कहना है कि युवक शराब पीकर स्टंट कर रहे थे, जिनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की गई है।
घायल निसिंग के वार्ड नंबर एक निवासी सुमित के परिजनों के अनुसार सुमित अपने दोस्तों अमन, कमल और मुकेश के साथ अपनी कार में बैठकर पार्टी कर रहा था। इसी दौरान पुलिस की राइडर टीम मौके पर पहुंची और दोनों कर्मचारियों ने जबरन कार में घुसकर फिल्मी स्टाइल में गाड़ी को घुमा दिया। इस दौरान गाड़ी का टायर सुमित के पैर पर चढ़ गया जिससे उसकी टांग की हड्डी टूट गई। उसे तत्काल निसिंग के एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया।
घटना के बाद परिजनों ने थाने में शिकायत देने की कोशिश की लेकिन उनका आरोप है कि उनकी शिकायत दर्ज नहीं की गई। इस मामले में थाना निसिंग प्रभारी विष्णु मित्र ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ युवक कार में बैठकर शराब पी रहे हैं। पुलिस जब मौके पर पहुंची तो युवक स्टंटबाजी कर रहे थे। स्थिति को नियंत्रित करते हुए पुलिस ने कार को थाने ले जाकर चालान किया है।