- पुलिस लाइन के परेड मैदान में आयोजित हुआ जिला स्तरीय समारोह, कृषि मंत्री ने शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र किया भेंट
- विद्यार्थियों ने दी सांस्कृतिक प्रस्तुति, मलखंभ का किया प्रदर्शन
संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। जिले में गणतंत्र दिवस धूमधाम से मनाया गया। शहर के पुलिस लाइन के परेड मैदान में जिला स्तरीय समारोह आयोजित हुआ। बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा ने तिरंगा फहराया और परेड का निरीक्षण किया। कृषि मंत्री यहां के शहीद स्मारक पर पहुंचे और वीर शहीदों को नमन किया व पुष्पचक्र भेंट कर श्रद्धांजलि दी। गुरुकुल के छात्रों ने मलखंभ का प्रदर्शन किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं और देशभक्ति के गीत गूंजे।
कृषि मंत्री ने कहा कि राष्ट्र स्वाभिमान के मौके पर हम सभी देशवासी वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लें, ताकि हमारा भारत एक बार फिर वही भारत बन सके जिसके गौरव व वैभव की कहानियां सुनते आए हैं। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में दून इंटरनेशनल स्कूल की टीम प्रथम, विभिन्न राजकीय स्कूलों की छात्राओं की टीम द्वितीय तथा दयाल सिंह पब्लिक स्कूल की टीम तीसरे स्थान पर रही। मुख्य अतिथि ने जिला प्रशासन की ओर से ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। गणतंत्र दिवस समारोह में उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक, नगर निगम आयुक्त, अतिरिक्त उपायुक्त, एसडीएम, शुगर मिल के एमडी, सीटीएम, जिला वन अधिकारी जय कुमार, सीएमओ लोकवीर, जिला शिक्षा अधिकारी, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी, जिला बागवानी अधिकारी, रोडवेज महाप्रबंधक, जिला न्यायवादी, जिला रेडक्रॉस सोसाइटी के सचिव, मेघा भंडारी, सांसद प्रतिनिधि, भाजपा के जिला उपाध्यक्ष, पूर्व मेयर, पूर्व चेयरमैन ईलम सिंह, निशांत राणा, राजेंद्र आर्य मौजूद रहे।
कृषि मंत्री ने कहा कि वर्तमान सरकार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सबका साथ-सबका विकास और हरियाणा एक-हरियाणवी एक के मूलमंत्र पर चलते हुए समस्त हरियाणा और प्रत्येक हरियाणवी की तरक्की और उत्थान के लिए निरंतर कार्य किया है।
कृषि मंत्री ने प्रतिभाओं को किया सम्मानित
करनाल। कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने गणतंत्र दिवस के अवसर पर आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में अलग-अलग क्षेत्रों में सराहनीय कार्य करने वाले करीब 25 अधिकारियों, कर्मचारियों, खिलाड़ियों, विद्यार्थियों तथा समाजसेवियों को प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया। सामूहिक मास पीटी शो, सूर्य नमस्कार के बच्चों को भी सम्मानित किया। 26 जनवरी परेड में छह प्लाटून शामिल हुईं। इनमें से प्रथम व द्वितीय स्थान पर करनाल पुलिस पुरुष व महिला प्लाटून व एनसीसी आर्मी विंग लड़कों की प्लाटून को जिला प्रशासन की ओर से ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। इन विभागों की झांकियों को मिली ट्रॉफी
गणतंत्र दिवस समारोह में विभिन्न विभागों की ओर से झांकी निकाली गईं। जिनमें शिक्षा विभाग की झांकी प्रथम, कृषि विभाग की झांकी द्वितीय तथा जिला ग्रामीण विकास एजेंसी तीसरे स्थान पर रही। कार्यक्रम में कृषि मंत्री ने अव्वल स्थान हासिल करने वाली झांकियों के अधिकारियों को जिला प्रशासन की ओर से टॉफी देकर सम्मानित किया। -संवाद
संविधान से मिला स्वतंत्रता का अधिकार : रामकुमार कश्यप
- विधायक राम कुमार कश्यप ने अनाज मंडी में फहराया तिरंगा
संवाद न्यूज एजेंसी
इंद्री। अनाज मंडी में आयोजित गणतंत्र दिवस समारोह में विधायक एवं चीफ व्हिप रामकुमार कश्यप बतौर मुख्यातिथि पहुंचे और राष्ट्रीय ध्वज फहराया। शहीदों को श्रद्धांजलि देने उपरांत विधायक रामकुमार कश्यप ने कहा कि संविधान से ही हमें न्याय स्वतंत्रता एवं समानता का अधिकार मिला है।
गणतंत्र दिवस देशवासियों को एक मजबूत राष्ट्र के रूप में आगे बढ़ने के लिए साहस और प्रेरणा देता है। आज हम उन महापुरुषों को याद करते हैं जिन्होंने भारत को स्वतंत्रता दिलाने और भारतीय संविधान को लागू करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस मौके पर एसडीएम अशोक कुमार, डीएसपी सतीश कुमार, एसएमओ डॉ सतबीर सिंह, खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी गुरमलक सिंह, खंड शिक्षा अधिकारी गुरनाम सिंह, तहसीलदार गौरव, खंड कृषि अधिकारी डॉ अश्वनी कुमार, मार्किट सचिव जसबीर सिंह, नगरपालिका सचिव साहिल धनखड़ मौजूद रहे।
गणतंत्र दिवस देशवासियों को देता है आगे बढ़ने की प्रेरणा : जगमोहन
संवाद न्यूज एजेंसी
घरौंडा। अनाज मंडी में गणतंत्र दिवस समारोह में करनाल शहरी विधायक जगमोहन आनंद ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। उन्होंने कहा कि आज हम 76 वां गणतंत्र दिवस मना रहे हैं जो हमारे लिए सौभाग्य की बात है। आज ही के दिन हमारा संविधान लागू हुआ। गणतंत्र दिवस देशवासियों को एक मजबूत राष्ट्र के रूप में आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।
उन्होंने कहा कि आज हम संविधान में दिए गए जिन हकों का इस्तेमाल कर रहे हैं वह सब डाॅ. आंबेडकर की ही देन है। लोकतंत्र में वोट का अधिकार सभी को है, चाहे वह किसी भी वर्ग से हो। कार्यक्रम में भाग लेने वाले बच्चों, मार्च पास्ट करने वाले, सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रथम द्वितीय व तृतीय स्थान पर रही टीमों में आने पर उन्हें सम्मानित किया। गणतंत्र दिवस समारोह में विधायक जगमोहन आनंद ने उपमंडल प्रशासन की ओर से उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों, खिलाड़ियों, विद्यार्थियों समाज सेविका सहित करीब 22 प्रतिभाओं को प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया। इस मौके पर एसडीएम राजेश सोनी, डीएसपी मनोज, नगर पालिका चेयरमैन हैपीलक गुप्ता, ब्लॉक समिति की चेयरपर्सन प्रतिनिधि महेंद्र कैमला मौजूद रहें।
-
विधायक योगेंद्र राणा ने ली परेड की सलामी
संवाद न्यूज एजेंसी
असंध। 76वें गणतंत्र दिवस समारोह पर आयोजित कार्यक्रम में असंध के विधायक योगेन्द्र राणा ने रविवार को नई अनाज मंडी में बतौर मुख्य अतिथि राष्ट्रीय ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली तथा बलिदानियों को भावभीनी श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम में बच्चों ने मास पीटी शो, परेड तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शानदार प्रस्तुति दी।
विधायक ने कहा कि गणतंत्र दिवस का राष्ट्रीय पर्व आज समूचे देश के साथ-साथ पूरे विश्व में जहां-जहां भारतीय रहते हैं उत्साह, उमंग एवं हर्षोल्लास से मनाया जा रहा है। इस अवसर पर एसडीएम राहुल (आईएएस) भी मौजूद रहे। इस दौरान मुख्य अतिथि द्वारा बलिदानियों के परिजनों व युद्ध वीरांगनाओं को शॉल भेंट कर सम्मानित किया और अपने-अपने क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों को भी प्रशस्ति पत्र देकर पुरस्कृत किया गया। इस मौके पर एसडीएम हरीश सभरवाल, डीएसपी महाबीर सिंह, बीडीपीओ प्रशांत कुमार, नायब तहसीलदार राधेश्याम मौजूद रहे।
प्रतियोगिता में अव्वल विद्यार्थी सम्मानित
करनाल। जेसीआई करनाल गोल्ड ने 76वां गणतंत्र दिवस समारोह राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मॉडल टाउन में मनाया। इस दौरान देश के वीर जवानों के बलिदान से संबंधित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया। प्रतियोगिता में अव्वल रहने वाले छात्रों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि गुरजीत सिंह, जेसी रिट चेयरपर्सन सिम्मी बंसल, जेसी दुर्गेश गुप्ता, जेसी मुकेश गुप्ता, जेसी तरुण गुप्ता, जेसी विनोद गुप्ता मौजूद रहे। - संवाद
कर्मचारियों को किया सम्मानित
संवाद न्यूज एजेंसी
नीलोखेड़ी। उपमंडल स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह अनाज मंडी में मनाया गया। मुख्य अतिथि विधायक भगवानदास कबीरपंथी ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड का निरीक्षण किया। विधायक ने सभी प्रतिभागियों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। विधायक ने विभिन्न विभागों में कार्यरत कर्मचारियों को भी सम्मानित किया। जनकल्याणकारी उपलब्धियों को प्रदर्शित व परिभाषित करने वाली महिला एवं बाल विकास विभाग, वन विभाग, स्वास्थ्य विभाग तथा नगर पालिका कार्यालय द्वारा झांकी निकाली गई। विधायक भगवानदास कबीरपंथी ने कहा कि 75 वर्ष पहले 1950 में आज ही के दिन हमारा संविधान लागू हुआ था। मौके पर एसडीएम अशोक कुमार, डीएसपी विक्रमजीत, बीडीपीओ आशुतोष धीमान, नपा सचिव अजित, बीईओ सतपाल बग्गा, एसडीओ गुरमीत सिंह मौजूद रहे।
अपनी गली साफ रखने वालों को मिलेगा सम्मान
करनाल। घोघड़ीपुर गांव के खेल मैदान में गणतंत्र दिवस मनाया गया। सरपंच संगीता रानी, सरपंच प्रतिनिधि अशोक शर्मा ने ध्वजारोहण किया। इस मौके पर सरपंच संगीता रानी व सरपंच प्रतिनिधि अशोक शर्मा ने लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए घोषणा कि जो भी महिला या पुरुष अपनी गली अच्छी साफ-सफाई रखेगा। उसे ग्राम पंचायत की तरह से अगले गणतंत्र दिवस पर 2100 रुपए का इनाम देकर सम्मानित किया जाएगा। - संवाद
शहीदों की बदौलत खुली हवा में ले रहे सांस : शेर प्रताप
असंध। कांग्रेस कार्यालय में गणतंत्र दिवस समारोह मनाया गया। इस मौके पर हरियाणा किसान कांग्रेस के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष शेर प्रताप शेरी ने ध्वजारोहण किया। शेरी ने कहा कि गणतंत्र दिवस के पावन पर्व हमें शहीदों के संघर्ष एवं बलिदान को स्मरण कर उन्हें नमन करना होगा। उन्होंने कहा कि शहीदों की बदौलत ही आज हम खुली हवा में सांस ले रहे हैं। इस मौके पर सुखबीर सिंधड, टिलू राणा ,सुक्रमपाल, तेजी सरपंच, गुरनाम सिंह जयनारायण, जयवीर कश्यप मौजूद रहे। - संवाद
छात्राओं ने गाए स्वागत गीत
मूनक। आर्य कन्या गुरुकुल, मोर माजरा में गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। मुख्य अतिथि प्रधान जसबीर सिंह मान ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्वलित करके किया गया। छात्राओं ने स्वागत गीत के माध्यम से उपस्थित अतिथिगणों का स्वागत किया। इस मौके पर प्रमुख रूप से उप प्रधान विजेंद्र मान, सचिव राम सिंह, सहसचिव गुरुदेव, पूर्व प्रधान दलीप सिंह मान, एडवोकेट सुखबीर सिंह मान मौजूद रहे। - संवाद
नाटक मंचन से मोहा मन
जुंडला। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मंजूरा में गणतंत्र दिवस धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सरपंच बाबू राम, एसएमसी प्रधान सुदेश, 12वीं कक्षा की टॉपर छात्रा ममता ने ध्वजारोहण किया। मंच संचालन विक्रम चौहान ने लोक नृत्य, कविता, सांस्कृतिक लोक गीत सहित नाटकों की प्रस्तुति देकर सभी दर्शकों का मन मोह लिया। दसवीं एवं बारहवीं में टॉपर रहे विद्यार्थियों, खेल प्रतियोगिता में अव्वल विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। इस मौके पर स्कूल स्टाफ मौजूद रहा। - संवाद